कर्नाटक का पुलिस विभाग राष्ट्र के लिए आदर्शहुब्बल्ली धारवाड़ पुलिस आयुक्तालय की ओर से कारवार रोड स्थित पुराने सशस्त्र रिजर्व बल परेड ग्राउंड में बुधवार को आयोजित पुलिस झंडा दिवस समारोह में पुलिस ध्वज का विमोचन करते पुलिस अधिकारी एवं अतिथि।

हुब्बल्ली. सेवानिवृत्त पुलिस उपनिरीक्षक एस.एस. जक्कनगौडर ने कहा कि कर्नाटक राज्य पुलिस विभाग ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूरे देश में ख्याति अर्जित की है। कर्नाटक पुलिस विभाग राष्ट्र के लिए आदर्श है।

वे हुब्बल्ली धारवाड़ पुलिस आयुक्तालय की ओर से कारवार रोड स्थित पुराने सशस्त्र रिजर्व बल परेड ग्राउंड में बुधवार को आयोजित पुलिस झंडा दिवस समारोह में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारियों को एक साथ लाने और उनमें साहस भरने का कार्यक्रम है। पुलिस अधिनियम 1965 के लागू होने के बाद हर साल 2 अप्रेल को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। इस दिन को सेवानिवृत्त कल्याण दिवस कहा जा सकता है। पुलिस ध्वज जनता को देकर इससे प्राप्त राशि का उपयोग पुलिस के वित्तीय सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य के लिए किया जाता है। आपात स्थिति में स्वास्थ्य कोष से 2 लाख रुपए से 5 लाख रुपए तक की सहायता मिलती है। सभी के साथ बिना किसी भेदभाव के समान व्यवहार किया जाता है। वे अपनी लगभग 41 वर्षों की लम्बी सेवा से संतुष्ट हैं।

उन्होंने कहा कि युवा कर्मियों का ज्ञान और ऊर्जा पुलिस विभाग की रीढ़ हैं। शरीर में शक्ति होने पर ही महान् कार्य करने तथा आपराधिक मामलों को सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर पुलिस को न केवल राज्य में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी ख्याति प्राप्त करनी चाहिए।

व्यवसायी वी.एस.वी. प्रसाद ने कहा कि ऐसे सार्थक कार्यक्रम में भाग लेना सचमुच खुशी की बात है। इस कार्यक्रम में आम जनता ने भी बड़ी संख्या में भाग लिया है। पुलिस विभाग को लेकर पहले तो डर लगता था। आज जनता में भय का माहौल खत्म हुआ है। पुलिस को शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए।

हुब्बल्ली धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन शशिकुमार ने स्वागत कर कहा कि पिछले वर्ष पुलिस मुख्यालय से 33.50 लाख रुपए मूल्य के झंडों से लगभग 33.80 लाख रुपए राजस्व एकत्र किया गया था। इसमें से 50 फीसदी राशि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण कोष में तथा शेष 50 फीसदी राशि केन्द्रीय सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण कोष में जमा की गई है।

इस वर्ष 37.55 लाख रुपए मूल्य के पुलिस झंडे वितरित किए गए हैं। पिछले वर्ष सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के चिकित्सा व्यय के लिए सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण कोष से 5.38 लाख रुपए और 80 हजार रुपए मृतक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अंतिम संस्कार के लिए उपयोग किए गए हैं। 837 लोगों को चिकित्सा सुविधा प्राप्त हुई है। इसके अलावा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बच्चों को एसएसएलसी तथा आगे की शिक्षा के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को 12,84,629 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी गई है। पुलिस विभाग अनुशासनात्मक विभाग है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के विशेष भूमि अधिग्रहण अधिकारी देवराज और मारुति ब्याकोडा ने विचार व्यक्त किया।
व्यवसायी वी.एस.वी. प्रसाद ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी कल्याण कोष के लिए एक लाख रुपए का चेक वितरित किया। पुलिस विभाग में 31 वर्ष तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए एएसआई डी.एस. कुरी को सम्मानित किया गया।

नागराज पाटिल के नेतृत्व में उत्तर विभाग, दक्षिण विभाग, धारवाड़ विभाग, महिला विभाग, यातायात विभाग और सी.ए.आर. डिवीजन टीमों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।

पूर्व सांसद प्रो. आईजी सनदी, डीसीपी वाईके काशप्पनवर, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी रवि नायक, ए.एन. जोगलेकर, आर.जी. अंगड़ी, शिवशंकर गडाद, प्रभुदेव, ए.बी. बसरगी, एस.सी. यादव, डी.डी. मालगी, विभिन्न संघ-संस्थाओं के नेता, पुलिस अधिकारियों के परिवार के सदस्य और आम जनता ने कार्यक्रम में भाग लिया था। पुलिस निरीक्षक मारुति गुल्लारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। डीसीपी महानिंग नंदगावी ने आभार व्यक्त किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *