वैज्ञानिक जांच को मिलेगी नई रफ्तार
घटनास्थल पर ही जुटेंगे वैज्ञानिक साक्ष्य
16 विशेष फोरेंसिक किट और हाईटेक उपकरणों से लैस एमएफवी शुरू
बेलगावी। कर्नाटक में अपराधों की वैज्ञानिक जांच को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बेलगावी शहर पुलिस आयुक्तालय को अत्याधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन (एमएफवी) की सौगात मिली है। राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के सहयोग से शुरू की गई यह हाईटेक वैन अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर जांच की गुणवत्ता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पुलिस आयुक्त भूषण बोरसे ने बताया कि मोबाइल फोरेंसिक वैन की सहायता से सीन ऑफ क्राइम ऑफिसर (एसओसीओ) घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप वैज्ञानिक ढंग से साक्ष्य एकत्र कर सकेंगे। इससे महत्वपूर्ण साक्ष्यों के नष्ट होने की आशंका कम होगी और न्यायालय में वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर दोषियों को सजा दिलाने में सहायता मिलेगी।
एमएफवी की प्रमुख विशेषताएं
मोबाइल फोरेंसिक वैन में 16 विशेष फोरेंसिक किट उपलब्ध हैं। इनमें अपराध स्थल सुरक्षा किट, डीएनए एवं यौन अपराध साक्ष्य संग्रह किट, रक्त एवं वीर्य नमूना परीक्षण किट, हथियार एवं विस्फोटक जांच किट, मादक पदार्थ परीक्षण किट, डिजिटल साक्ष्य संग्रह प्रणाली, अग्निकांड जांच किट तथा फिंगरप्रिंट एवं पदचिह्न संग्रह किट शामिल हैं।
इसके अलावा वैन में स्टीरियो माइक्रोस्कोप, हाई-इंटेंसिटी लाइट सोर्स, जीपीएस युक्त बॉडी-वॉर्न कैमरा, रेफ्रिजरेटर, जनरेटर, यूपीएस, फ्लड लाइट, एलइडी लाइटिंग और अत्याधुनिक कैमरा भी लगाया गया है, जिससे घटनास्थल की सटीक और वैज्ञानिक जांच संभव होगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

