युवक पर चाकू से हमला, अस्पताल में भर्ती
पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
चार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज
हुब्बल्ली. शहर के यल्लापुर ओणी इलाके में रविवार को एक सुलह बैठक उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई जब चार लोगों ने मिलकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। यह मामला बेंडिगेरी पुलिस थाना क्षेत्र का है।
घटना में अल्ताफ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल केएमसीआरआई अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, अल्ताफ और जावेद के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को यल्लापुर ओणी में आमंत्रित किया गया था।
बातचीत से बढ़ी बहस, चाकू से किया वार
बैठक के दौरान विवाद फिर से उग्र हो गया और देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई। इसी बीच चार लोगों ने मिलकर अल्ताफ पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी दाहिनी पसलियों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बेंडिगेरी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।