अस्पताल जाकर घायलों से मिले, परिवारों को दिलाया भरोसा
अधिकारियों को सुरक्षा उपायों पर सख्त निर्देश
घटना की जांच जारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
हुब्बल्ली. शहर में शनिवार को आयोजित एक समारोह के दौरान लगाया गया विशाल कटआउट अचानक गिरने से कई लोग घायल हो गए। घायलों का हाल जानने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या निजी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उपचार की पूरी जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम इलाज मिले और किसी प्रकार की कमी न रहे।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार आपके साथ है, चिंता की कोई बात नहीं। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं न हों, इसके लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जाएं। सार्वजनिक कार्यक्रमों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी
सिद्धरामय्या ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को लगातार निगरानी रखने को कहा। अधिकारियों ने बताया कि कटआउट लगाने में नियमों का पालन हुआ या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। यदि लापरवाही पाई गई तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री की अस्पताल यात्रा के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद थे।

