चेकपोस्ट पर कथित वसूली, सुरक्षा पर उठे सवाल
तीर्थहल्ली (शिवमोग्गा). आगुंबे घाट में बड़े और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध होने के बावजूद, रात के समय चेकपोस्ट पर कथित रूप से धन वसूली कर इन्हें अनुमति दी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि 19-20 फीट लंबे ईचर ट्रक एक-एक हजार रुपए देकर घाट में प्रवेश कर रहे हैं।
चेकपोस्ट पर तैनात कर्मचारियों से पूछने पर वे “हमें कुछ पता नहीं” जैसे जवाब देते हैं। बताया गया कि सीसीटीवी कैमरे खराब हैं और वन विभाग के अधिकारी ही इस पर कार्रवाई कर सकते हैं। इससे यह सवाल उठ रहा है कि वसूला गया पैसा आखिर किसकी जेब में जा रहा है।
नागरिकों का कहना है कि बड़े ट्रक घाट के संकरे मोड़ों पर ठीक से मुड़ नहीं पाते और बार-बार पीछे-आगे कर रास्ता निकालते हैं। कई बार वाहन सडक़ किनारे की दीवार से टकराकर उसे नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। रात 10 बजे के बाद ऐसे वाहनों की आवाजाही लगातार देखी जा रही है।
इसके अलावा छोटे वाहनों जैसे केले, सब्जी, मछली और चिकन ले जाने वाले पिकअप ट्रकों से भी 50 से 100 रुपए तक वसूले जाने की शिकायतें सामने आई हैं। चालक बताते हैं कि वाहनों की जांच किए बिना ही पैसा लेकर उन्हें छोड़ दिया जाता है।
जिलाधिकारी के आदेश के बावजूद भारी वाहनों को अनुमति देने और धन वसूली करने वाले अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होगी, यह देखना बाकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आगुंबे घाट की सुरक्षा और पर्यावरण दोनों पर गंभीर खतरा मंडराएगा।

