जलविद्युत पर बारिश की मार के बीच वैकल्पिक ऊर्जा की तैयारी
150 से बढक़र 250 मेगावाट हो सकती है उत्पादन क्षमता
कारवार। बारिश की कमी से जलाशयों में पानी का भंडारण घटने और इसका असर जलविद्युत उत्पादन पर पडऩे की आशंका के बीच कद्रा जलाशय से बड़ी उम्मीद जगी है। कर्नाटक विद्युत निगम लिमिटेड (केपीसीएल) यहां जलाशय के बैकवाटर में 100 मेगावाट क्षमता का फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट लगाने की तैयारी में है। परियोजना के लिए केपीसीएल और टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (टीएचडीसी) के बीच वर्ष 2023 में समझौता भी हो चुका है।
परियोजना का प्रस्ताव करीब छह साल पहले रखा गया था। इसके बाद टीएचडीसी की ओर से नियुक्त विशेषज्ञों ने जलाशय में परियोजना के लिए उपयुक्त परिस्थितियों का आकलन करने के लिए गहरे पानी के मिट्टी का परीक्षण (बाथिमेट्रिक सर्वे) किया। सर्वे की रिपोर्ट सकारात्मक होने की जानकारी सामने आई है।
केपीसीएल के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, हाल में केंद्रीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने कद्रा जलाशय के बैकवाटर क्षेत्र का निरीक्षण किया। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी परीक्षण और कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। अब विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार होने की उम्मीद है।
150 से बढक़र 250 मेगावाट होगी क्षमता
कद्रा में फिलहाल 50-50 मेगावाट क्षमता के तीन जलविद्युत संयंत्र संचालित हैं। इनसे कुल 150 मेगावाट बिजली पैदा होती है। प्रस्तावित 100 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्लांट बनने के बाद कद्रा की कुल विद्युत उत्पादन क्षमता 250 मेगावाट तक पहुंच सकती है।
हर साल 2.50 लाख टन उत्सर्जन घटाने का अनुमान
टीएचडीसी के आकलन के अनुसार, परियोजना से सालाना करीब 2.50 लाख टन ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने में मदद मिल सकती है। समुद्र तल से कम ऊंचाई पर स्थित कद्रा में अपेक्षाकृत अधिक तापमान और विशाल बैकवाटर क्षेत्र को सौर ऊर्जा परियोजना के लिए अनुकूल माना गया है।
फ्लोटिंग सोलर परियोजना के लिए कद्रा उपयुक्त
कद्रा जलाशय का बैकवाटर क्षेत्र काफी विस्तृत है। यहां तापमान भी अधिक रहता है। इन परिस्थितियों को देखते हुए फ्लोटिंग सोलर परियोजना के लिए कद्रा उपयुक्त है और इसी आधार पर तैयारियां आगे बढ़ रही हैं।
–श्रीधर कोरी, मुख्य अभियंता, काली जलविद्युत परियोजना
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

