कोप्पल जिला कन्नड़ साहित्य सम्मेलन का शुभारंभ
200 मीटर लंबा कन्नड़ ध्वज, बैलगाड़ी शोभायात्रा और लोककलाओं ने बांधा समां
कोप्पल। कुष्टगी तालुक के हिरेमन्नापुर गांव में शनिवार को 14वें जिला स्तरीय कन्नड़ साहित्य सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। सम्मेलनाध्यक्ष शेखरगौड़ा माली पाटील और उनकी पत्नी का पारंपरिक खुली बग्घी (सारोट) तथा सुसज्जित बैलगाड़ी में भव्य शोभायात्रा निकालकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। ग्रामीण संस्कृति, कन्नड़ अस्मिता और लोककलाओं से सजी यह शोभायात्रा सम्मेलन का मुख्य आकर्षण रही।
विधानसभा में विपक्ष के मुख्य सचेतक दोड्डनगौड़ा पाटील तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य दोड्डय्या गदडक्की ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाई। पारंपरिक रूप से सजाई गई बैलगाड़ी में सम्मेलनाध्यक्ष विराजमान थे, जबकि आगे डोल-नृत्य, वीरगासे, नंदी ध्वज और विभिन्न लोककलाकारों की प्रस्तुतियों ने पूरे गांव को कन्नड़मय बना दिया। रास्तेभर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
200 मीटर लंबा कन्नड़ ध्वज बना आकर्षण
शोभायात्रा प्राथमिक कृषक पतसंस्था से शुरू होकर मारुतेश्वर मंदिर, दुर्गादेवी मंदिर और गांव की प्रमुख सडक़ों से होती हुई गविसिद्धेश्वर विद्यालय परिसर स्थित मुख्य मंच तक पहुंची। इस दौरान करीब 200 मीटर लंबा कन्नड़ ध्वज लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों और युवाओं ने हाथों में कन्नड़ ध्वज लेकर जयघोष किए, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
हजारों साहित्यप्रेमियों की रही भागीदारी
सम्मेलन में साहित्यप्रेमियों, किसानों, सहकारिता क्षेत्र के प्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों तथा हजारों नागरिकों ने भाग लिया। दो दिवसीय सम्मेलन में जिले के अलावा अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी पहुंचे हैं, जिससे हिरेमन्नापुर गांव सचमुच अक्षर महाकुंभ में बदल गया।
ऐतिहासिक सफलता का सम्मेलन
टीएपीएमएस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिवकुमार ने कहा कि ग्रामीण परिवेश में इतने भव्य स्तर पर आयोजित यह जिला साहित्य सम्मेलन ऐतिहासिक सफलता की ओर बढ़ रहा है। गांवों, कस्बों और विभिन्न जिलों से उमड़ी भीड़ कन्नड़ भाषा और साहित्य के प्रति लोगों के गहरे लगाव का प्रमाण है।
सम्मेलन में विधायक दोड्डनगौड़ा पाटील, कन्नड़ साहित्य परिषद के जिलाध्यक्ष शरणेगौड़ा पुलिस पाटील, तालुक अध्यक्ष लेंकप्पा वालिकार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

