दुबई की तर्ज पर अब मेंगलूरु में ‘आई’ टावर!प्रस्तावित मेंगलूरु आई परियोजना।

कद्री पार्क के पास 5 एकड़ में बनेगा 200 मीटर ऊंचा टावर

360ए व्यू गैलरी, घूमता रेस्तरां, स्काईवॉक और फूड कोर्ट होंगे खास आकर्षण

मेंगलूरु। समुद्र, हरियाली और पर्यटन के लिए पहचाने जाने वाले मेंगलूरु के पर्यटन नक्शे पर अब एक नया आकर्षण जुडऩे जा रहा है। कद्री पार्क के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-66 से सटे करीब 5 एकड़ क्षेत्र में 200 मीटर ऊंचे ‘मेंगलूरु आई’ टावर के निर्माण को राज्य मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। करीब 350 करोड़ रुपए की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सार्वजनिक-निजी सहभागिता (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

प्रस्तावित 42 मंजिला टावर में शहर और दूर तक समुद्र का विहंगम दृश्य देखने के लिए 360 डिग्री व्यूइंग गैलरी बनाई जाएगी। इसके अलावा स्काईवॉक, लाइटहाउस, ओपन टेरेस और सबसे ऊपर घूमता हुआ रेस्तरां पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण होंगे।

होटल से शॉपिंग तक एक ही परिसर में

परियोजना में बड़े शॉपिंग मॉल, मनोरंजन गतिविधियों और फूड कोर्ट के साथ करीब 35 कमरों वाला फोर स्टार या उससे ऊपर श्रेणी का होटल विकसित करने की योजना है। तटीय कर्नाटक की संस्कृति और विविधता को दर्शाने वाली विंटेज शैली की व्यूइंग गैलरी का प्रस्ताव भी है।

सरकार लगाएगी 60 करोड़

सरकार परियोजना में 60 करोड़ रुपए का योगदान करेगी, जबकि शेष निवेश पीपीपी मॉडल के तहत किया जाएगा। जमीन 35 वर्ष की लीज पर देने का प्रस्ताव है। इसके बदले सरकार को सालाना करीब 34.21 करोड़ रुपए राजस्व मिलने का अनुमान है। परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार और परिवहन सहित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य

मेंगलूरु आई परियोजना की रूपरेखा पूर्व जिलाधिकारी मुलई मुगिलन के कार्यकाल में तैयार हुई थी। बाद में विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर ने भी परियोजना को आगे बढ़ाने में रुचि दिखाई। विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर वित्त विभाग की मंजूरी के बाद इसे मंत्रिमंडल के समक्ष रखा गया था। अब मंजूरी के बाद करीब तीन वर्ष में परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

एक नजर में ‘मेंगलूरु आई’

जगह – कद्री, मेंगलूरु
क्षेत्रफल – 5 एकड़
ऊंचाई – 200 मीटर
मंजिलें – 42
अनुमानित लागत – 350 करोड़ रुपए
मॉडल – पीपीपी
सरकारी हिस्सा – 60 करोड़ रुपए
निर्माण अवधि – 3 वर्ष
खास आकर्षण – 360ए व्यू गैलरी, स्काईवॉक, लाइटहाउस, ओपन टेरेस, घूमता रेस्तरां और फूड कोर्ट

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *