एसबीआई ने सौंपा चेक, अधिकारियों ने बीमा योजनाओं का लाभ लेने पर दिया जोर
शिवमोग्गा. जिले में कर्तव्य के दौरान जान गंवाने वाले केएसआरपी जवान के परिवार को आर्थिक संबल मिला है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने मृत पुलिसकर्मी एल. चंद्रशेखर के परिजनों को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
भद्रा नदी में हादसे में हुई थी मौत
केएसआरपी 8वीं बटालियन के जवान एल. चंद्रशेखर की 12 अक्टूबर 2025 को भद्रा नदी में पैर फिसलने से डूबकर मृत्यु हो गई थी। वे शिवमोग्गा के माचेनहल्ली स्थित केएसआरपी परिसर में तैनात थे।
परिवार को सौंपा चेक
माचेनहल्ली स्थित केएसआरपी परिसर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मृतक की पत्नी सुमलता और उनके बच्चों को एक करोड़ रुपए का चेक सौंपा गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित एसपी निखिल बी ने कहा कि पुलिस कर्मियों को बैंक और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एल. चंद्रशेखर का खाता एसबीआई के पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत था, जिसके कारण उनके परिवार को यह आर्थिक सहायता मिल सकी।
बीमा योजनाओं से सुरक्षा पर जोर
केएसआरपी 8वीं बटालियन के कमांडेंट एस. युवकुमार ने कहा कि ड्यूटी के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं से परिवार को आर्थिक संकट से बचाने के लिए सभी कर्मचारियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और पुलिस सैलरी पैकेज से जुडऩा अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करना चाहिए।
अधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर एसबीआई के डिप्टी जनरल मैनेजर कृष्ण मोहन मुचार्ला ने चेक वितरित किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक विजय साई मदुगुल, मुख्य प्रबंधक के. पुष्पलता, शाखा प्रबंधक प्रकाश कुमार सहित केएसआरपी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

