500 से अधिक लोगों ने लिया भाग
नशामुक्त समाज निर्माण का दिया संदेश
हुब्बल्ली. अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के उपलक्ष्य में हुब्बल्ली में विशाल जनजागरण रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व जिलाधिकारी स्नेहल आर., हुब्बल्ली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार, जिला पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य तथा पुलिस उपायुक्त श्रुति एन.एस. ने किया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषध प्रशासन विभाग, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (गोवा जोन), विभिन्न फार्मेसी महाविद्यालयों तथा केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्वास्थ्य कर्मियों, औषध विक्रेताओं, पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों सहित 500 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था।
नशे के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक
रैली सुबह विद्यनगर स्थित तोलनकरे क्षेत्र से शुरू होकर काडसिद्धेश्वर कला महाविद्यालय में संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर मादक पदार्थों के खिलाफ नारे लगाए और समाज को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि मादक पदार्थों की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। नशे की समस्या से निपटने के लिए शिक्षा, जागरूकता, प्रारंभिक रोकथाम, उपचार, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
‘नशा मुक्त भारत’ अभियान को मिला बल
कार्यक्रम में केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान – विकसित भारत की पहचान’ संकल्प को दोहराया गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
सहायता के लिए हेल्पलाइन 1933
अधिकारियों ने मादक पदार्थों की लत से संबंधित जानकारी, परामर्श और सहायता के लिए मानस नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 का उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ लेकर अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

