मंत्री बोले- जनता ने इतिहास में बड़े-बड़े दलों को हराया, सत्ता में बैठे लोग सबक लें
बागलकोट. लोक निर्माण विभाग मंत्री सतीश जारकीहोली ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस नए राजनीतिक प्रतीक और अभियान से भाजपा विचलित हो गई है।
शहर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि जब सरकार की उपेक्षा और जनविरोधी रवैया हद पार कर जाता है, तब इस तरह के विरोध स्वाभाविक रूप से सामने आते हैं। इतिहास गवाह है कि जनता ने समय-समय पर बड़े-बड़े राजनीतिक दलों और नेताओं को सत्ता से बाहर किया है। इंदिरा गांधी, मोरारजी देसाई और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकारों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को जनता के संदेश को समझना चाहिए।
भाजपा नेताओं द्वारा लगाए गए इस आरोप पर कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के 40 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं, सतीश जारकीहोली ने कहा कि ऐसे बयान जानबूझकर मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘सीजेपी’ से जुड़े सोशल मीडिया खातों को भी बंद कराने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस पूरे घटनाक्रम से परेशान और असहज नजर आ रही है। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या द्वारा ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की टी-शर्ट दिखाने के सवाल पर जारकीहोली ने कहा कि भाजपा के कथित कुशासन के खिलाफ सभी विरोधी आवाजों को एक मंच पर आने की जरूरत है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

