पश्चिम बंगाल व असम में भी बहुमत की उम्मीद
कोप्पल. सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने राज्य में हुए दो विधानसभा उपचुनावों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा दोनों सीटों पर जीत हासिल करेगी और इसके पीछे पार्टी की उपलब्धियां व संगठित चुनाव प्रचार प्रमुख कारण हैं।
शहर में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में बोम्मई ने कहा कि बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। पश्चिम बंगाल और असम में भी भाजपा बहुमत प्राप्त करेगी। इस बार पश्चिम बंगाल में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा और देश की राजनीति की दिशा तय करने वाले परिणाम सामने आएंगे।
शृंगेरी विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतगणना के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार की हार पर प्रतिक्रिया देते हुए बोम्मई ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हार से घबराकर बैलेट पेपर की ओर लौटने की बात कर रही है। तकनीक के इस दौर में चुनाव प्रणाली काफी पारदर्शी है, लेकिन कांग्रेस अपनी हार छिपाने के लिए भ्रम फैला रही है।
बसवराज बोम्मई ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कारण राज्य की स्थिति खराब हो रही है। राज्य में शासन व्यवस्था ठप पड़ गई है और सरकार प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

