पैसों के लालच में अपहरण के बाद हत्या
हुब्बल्ली. धारवाड़ में 29 अप्रेल को सामने आए बौद्ध भिक्षु हत्या मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। धारवाड़ पुलिस ने इस मामले में शामिल पांच आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान मुंडगोड स्थित तिब्बती कॉलोनी के निवासी ताशी दोंदूप (49) के तौर पर की गई है। उनका शव धारवाड़ के हल्याल रोड किनारे संदिग्ध अवस्था में मिला था। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या कहीं और कर शव को सडक़ किनारे फेंक दिया था।
पुलिस जांच के दौरान आरोपियों की कार की गतिविधियों पर नजर रखी गई, जिसके आधार पर कोल्हापुर से संकेतन यादव, वैभव चव्हाण और सिद्धेश बोसले को गिरफ्तार किया गया। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
पैसों के लालच में वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने भिक्षु के पास पैसे होने की आशंका में उनका अपहरण किया था। जब उनके पास कोई रकम नहीं मिली, तो आरोपियों ने गुस्से में उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। गला, चेहरा और पेट पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतारा गया।
हत्या के बाद आरोपी शव को कार में लेकर कोल्हापुर की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में धारवाड़ के हल्याल रोड पर शव फेंककर फरार हो गए।
पुलिस ने मामले को सुलझाते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

