जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती
एकतरफा प्रेम में हत्या का आरोप
सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट फैलाने के मामले में तीन एफआईआर दर्ज
बंटवाल (दक्षिण कन्नड़). दक्षिण कन्नड़ जिले के बंटवाल स्थित बी.सी. रोड केएसआरटीसी बस अड्डे पर युवती की हत्या के मामले में फरार मुख्य आरोपी चेतन (22) को पुलिस ने शुक्रवार सुबह मेंगलूरु के पच्चनाडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के समय आरोपी ने चूहे मारने का जहर खाने की बात बताई, जिसके बाद उसे पहले बंटवाल सरकारी अस्पताल और बाद में बेहतर उपचार के लिए मेंगलूरु के वेनलॉक अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस सुरक्षा के बीच उसका उपचार जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा उसका प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज होकर उसने 16 जुलाई की शाम सार्वजनिक बस अड्डे पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच दल गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
मृतका लावण्या का पोस्टमार्टम दैरलकट्टे अस्पताल में कराया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके कार्यस्थल और फिर पैतृक गांव ले जाया गया, जहां परिजनों, सहकर्मियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार किया गया।
इस बीच, घटना को लेकर सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक और राजनीतिक रंग देकर भ्रामक एवं भडक़ाऊ पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में बंटवाल नगर पुलिस ने तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने फर्जी तस्वीरें और गलत जानकारी प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

