सौर व मोबाइल विनिर्माण में भारत की छलांग का दावा
कुसुम योजना को लेकर कर्नाटक सरकार पर निशाना
हुब्बल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कर्नाटक सरकार पर प्रधानमंत्री कुसुम योजना को देर से लागू करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार के नेताओं की ट्यूबलाइट देर से जलती है। अब राजनीति भावनात्मक मुद्दों के बजाय काम और कार्यक्षमता के आधार पर होनी चाहिए।
सौर से मोबाइल तक घरेलू उत्पादन पर जोर
जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार विदेशी निर्भरता कम कर घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा दे रही है। उनके अनुसार 2014 में देश की सौर मॉड्यूल विनिर्माण क्षमता करीब 2.6 गीगावाट थी, जो अब 165 गीगावाट तक पहुंच गई है। मोबाइल विनिर्माण में भी भारत ने उल्लेखनीय विस्तार किया है और देश में इस्तेमाल होने वाले करीब 98 प्रतिशत मोबाइल भारत में ही निर्मित हो रहे हैं। अगले चरण में भारतीय डिजाइन वाले मोबाइल के उत्पादन पर जोर रहेगा। हालिया रिपोर्टिंग में घरेलू बाजार के लिए स्थानीय असेंबली का आंकड़ा 99 प्रतिशत से अधिक बताया गया है।
हुब्बल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जोशी ने कहा कि निवेश और निर्यात में वृद्धि हो रही है तथा वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने बारिश की कमी से कुछ वस्तुओं की कीमतें बढऩे का हवाला दिया और किसानों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र के प्रयासों का उल्लेख किया।
कांग्रेस की ‘भावनात्मक राजनीति’ पर हमला
जोशी ने कांग्रेस पर इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के बाद उनकी अस्थियों के नाम पर चुनावी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने विपक्ष द्वारा ब्रिक्स बैठक के दौरान भोजन जैसे मुद्दों को उठाने पर भी सवाल किया।
सेवा संकल्प अभियान आज से
जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। जनसेवा ही प्रभुसेवा के संदेश के साथ विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित होंगी और 17 सितंबर गुरुवार को घरों के सामने आशीर्वाद दीप जलाए जाएंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

