अवैध देसी पिस्तौल बिक्री गिरोह का मुख्य आरोपी हैदराबाद से गिरफ्तार
पांच पिस्तौल, 12 कारतूस जब्त
बीदर। अवैध देसी पिस्तौल बिक्री गिरोह के मुख्य आरोपी नांदेड़ निवासी बलबीर सिंह उर्फ शेरा जाधव को बीदर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर हैदराबाद से गिरफ्तार किया। मामले में तीन अन्य आरोपियों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पांच पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपए आंकी गई है।
एसपी प्रदीप गुंटी ने बताया कि 15 जुलाई को ज्ञानसुधा स्कूल के पास रिंग रोड पर अमनजीत सिंह और वेंकटेश को गिरफ्तार कर पांच देसी पिस्तौल, 26 कारतूस, पांच तलवारें और अन्य सामग्री जब्त की गई थी। मुख्य आरोपी तभी से फरार था।

जांच के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम रील्स के जरिए ग्राहकों के संपर्क में आते थे और 80 हजार से एक लाख रुपए में पिस्तौल बेचते थे। छात्रों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों द्वारा हथियार खरीदने की जानकारी भी सामने आई है।
बलबीर के खिलाफ बीदर के उपनगर थाने के अलावा महाराष्ट्र के इतरवाड़, लिंबेगांव और नांदेड़ ग्रामीण थानों में आयुध अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई होगी
आत्मरक्षा के लिए हथियार चाहिए तो कानून के तहत लाइसेंस लेकर लें। अवैध खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
–प्रदीप गुंटी, एसपी, बीदर
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

