एक लाख के एवज में राशन चावल का वाहन छोडऩे का आरोप
महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था सरकारी राशन का चावल
वाहन जब्त करने के बाद मामला दर्ज करने के बजाय रकम लेकर छोडऩे का आरोप
कलबुर्गी। महाराष्ट्र में अवैध रूप से राशन का चावल ले जा रहे वाहन को जब्त करने के बाद कथित तौर पर मामला दर्ज किए बिना रकम लेकर छोडऩे के आरोप में आलंद थाने के सीपीआइ समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में मुख्यमंत्री पदक से सम्मानित आलंद सीपीआइ शरणबसप्पा कोडला तथा पुलिसकर्मी हनमंत, मल्लिकार्जुन और सायबण्णा शामिल हैं।
पुलिस को पिछले सोमवार आधी रात 112 पर सूचना मिली थी कि आलंद के रास्ते महाराष्ट्र की ओर राशन का चावल अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर आलंद पुलिस ने वाहन को रोककर जब्त किया और थाने ले आई। आरोप है कि वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उसे करीब एक लाख रुपए में डील कर छोड़ दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के बाद विभागीय जांच
मामले को लेकर मीडिया में लगातार खबरें सामने आने के बाद गृह विभाग ने इसे गंभीरता से लिया। विभागीय स्तर पर जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया कर्तव्य में लापरवाही और मामले के निस्तारण में नियमों के विपरीत कार्रवाई सामने आने के बाद सीपीआइ समेत चारों कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
पदक विजेता अधिकारी पर आरोप से हलचल
मुख्यमंत्री पदक प्राप्त कर चुके सीपीआइ शरणबसप्पा कोडला के खिलाफ इस तरह के गंभीर आरोप सामने आने और निलंबन की कार्रवाई होने से पुलिस विभाग में मामला चर्चा का विषय बन गया है। यह मामला गृह मंत्री प्रियांक खरगे के गृह जिले कलबुर्गी में सामने आया है।
हालांकि, वाहन छोडऩे और कथित धन लेन-देन से जुड़े आरोपों की पूरी स्थिति विभागीय जांच के निष्कर्षों से स्पष्ट होगी। निलंबन कार्रवाई के बाद मामले की जांच और आगे की विभागीय प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
