रजत ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
उद्योगों के विस्तार, युवाओं को रोजगार और गांधी भवन को अंतरराष्ट्रीय स्मारक बनाने पर जोर
हुब्बल्ली। हुब्बल्ली को औद्योगिक प्रगति का प्रमुख केंद्र बनाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और शहर की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता रजत उउल्लागड्डीमठ ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इन विकास कार्यों के लिए आगामी बजट में पर्याप्त अनुदान तथा मंत्रिमंडल स्तर पर प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में हुब्बल्ली में औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास और सरकारी निवेश बढ़ाने की मांग की गई। इसका उद्देश्य स्थानीय युवाओं के लिए कुशल एवं विनिर्माण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना और प्रतिभाशाली युवाओं के पलायन को रोकना है।
बेंगेरी के तिरंगे को मिले वैश्विक पहचान
ज्ञापन में बेंगेरी स्थित कर्नाटक खादी ग्रामोद्योग संयुक्त संघ को विशेष सरकारी प्रोत्साहन देने की मांग भी उठाई गई। संघ को भारत का एकमात्र आधिकारिक राष्ट्रीय ध्वज निर्माण केंद्र बताते हुए इसके लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
गांधी भवन को अंतरराष्ट्रीय स्मारक बनाने की मांग
हुब्बल्ली के ऐतिहासिक महिला विद्यापीठ स्थित गांधी भवन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्मारक के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। ज्ञापन के अनुसार, इस भवन में महात्मा गांधी की स्मृतियां और उनकी चिता की पवित्र राख संरक्षित है। इसे उन्नत स्मारक के रूप में विकसित करने से गांधीजी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ शहर में पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।
ज्ञापन में कहा गया कि हुब्बल्ली के पास भौगोलिक अनुकूलता, समृद्ध ऐतिहासिक विरासत और कुशल मानव संसाधन जैसी विशेषताएं हैं। उचित निवेश और योजनाबद्ध विकास से शहर को बेंगलूरु के विकल्प के तौर पर एक प्रमुख आर्थिक केंद्र बनाया जा सकता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

