कमलापुर सरकारी हाईस्कूल में तकनीक आधारित शिक्षण पर जोर
टीवी, लैपटॉप और मोबाइल से समझाए जा रहे कठिन पाठ
हुब्बल्ली। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल अब प्रभावी माध्यम बन रहा है।
धारवाड़ शहर के कमलापुर स्थित सरकारी हाईस्कूल में शिक्षक डिजिटल उपकरणों की मदद से विद्यार्थियों को पाठ समझा रहे हैं। कक्षा-कक्षों में टीवी लगाए गए हैं, वहीं लैपटॉप, मोबाइल और पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के जरिए शिक्षण को अधिक रोचक बनाया जा रहा है।
दृश्य-श्रव्य माध्यम से पढ़ाई
स्कूल में विद्यार्थियों को दृश्य, श्रव्य और पाठ्य सामग्री के माध्यम से पढ़ाया जाता है। राज्य शिक्षक मंच (एसटीएफ) की ओर से विषयवार तैयार इ-कंटेंट का भी उपयोग किया जा रहा है। सरकार के टेक्नोलॉजी असिस्टेड लर्निंग प्रोग्राम (टीएएलपी) के तहत शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है।
भूगोल से इतिहास तक डिजिटल पाठ
सामाजिक विज्ञान के शिक्षक शिवानंद आई. बागोडी ने कक्षा 8 के 32 तथा कक्षा 9 और 10 के 33-33 पाठों की पीपीटी तैयार की है। वे भूगोल, वायुमंडल, मानचित्र और मौसम जैसे विषयों को समझाने के लिए गूगल अर्थ टूल का उपयोग करते हैं। वहीं, डिजी टूर एप के माध्यम से ऐतिहासिक स्थलों के चित्र, वास्तुकला और वीडियो दिखाकर विद्यार्थियों को विषय समझाया जाता है।
शिक्षक शिवानंद आई. बागोडी के अनुसार, डिजिटल उपकरणों से पढ़ाने पर विद्यार्थियों को पाठ बेहतर ढंग से समझ आता है। विषय लंबे समय तक याद रहता है और उनमें जिज्ञासा व ज्ञान बढ़ता है। इससे परीक्षा में सफलता हासिल करने में भी मदद मिलती है।
सभी विषयों में हो रहा इस्तेमाल
गणित, विज्ञान और भाषा विषयों के शिक्षक भी डिजिटल उपकरणों का उपयोग कर रहे हैं। विद्यार्थियों को पाठ से संबंधित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। सामाजिक विज्ञान के कक्षा 10 के विद्यार्थियों को एक अंक तथा तीन और चार अंक वाले प्रश्नों की सामग्री भी दी गई है।
वास्तविक चित्रण से समझना आसान
विद्यार्थियों को पाठ से संबंधित फोटो और वीडियो दिखाकर विषय समझाए जाते हैं। कक्षा 10 की छात्रा रेवती राचय्यनवर के अनुसार, फोटो और वीडियो देखने से ऐसा लगता है, जैसे हम वास्तविक दृश्य देख रहे हों। पाठ आसानी से समझ में आता है और पढ़ाई के प्रति रुचि व जिज्ञासा बढ़ी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

