63 घायल
उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से बंद
भारतीय दूतावास ने की पुष्टि
कुवैत। कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल पर बुधवार को हुए ड्रोन और मिसाइल हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हो गए। हमले के बाद हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 को भारी नुकसान पहुंचा है और सभी उड़ान सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। कुवैत सरकार तथा भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि की है।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, घायलों में कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कम से कम सात घायलों की आपातकालीन सर्जरी की गई है और विभिन्न अस्पतालों में उनका उपचार जारी है। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में मृत भारतीय नागरिक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दूतावास परिवार के संपर्क में है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। घायल भारतीय नागरिकों की मदद के लिए भी कुवैती अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।
हमले के बाद कुवैत नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने आपातकालीन योजना लागू कर दी है। सुरक्षा कारणों से सभी आगमन और प्रस्थान उड़ानों को रोक दिया गया है तथा कई विमानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया है। सुरक्षा और तकनीकी जांच पूरी होने तक सामान्य संचालन बहाल नहीं किया जाएगा। घटना का असर विमानन क्षेत्र पर भी पड़ा है। कई एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से स्थगित या पुनर्निर्धारित कर दी हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पश्चिम एशिया में तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। कुवैत सहित खाड़ी क्षेत्र में हालिया सैन्य घटनाक्रमों ने सुरक्षा चिंताओं को और गहरा कर दिया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

