ग्राम पंचायत में हुई प्रारंभिक बैठक
स्थल का सीमांकन कर चारों ओर कंपाउंड बनाने की मांग
विधायक ने ग्रामीणों से सर्वसम्मति की अपील
हुब्बल्ली। उप्पिनबेटगेरी के गुड्डद स्कूल के पीछे स्थित ऐतिहासिक किले के संरक्षण और विकास को लेकर ग्राम पंचायत में प्रारंभिक बैठक हुई। बैठक में किले के संरक्षण को लेकर पक्ष-विपक्ष में चर्चा हुई। ग्रामीणों ने स्थल की सुरक्षा के लिए जल्द ‘किला संरक्षण संघर्ष समिति’ गठित करने और जमीन की माप कराकर चारों ओर कंपाउंड बनाने की मांग रखी।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि किले से जुड़े स्थल को संरक्षित करने के साथ इसके विकास की ठोस योजना तैयार करनी चाहिए। इसके लिए स्थल का सीमांकन कर अतिक्रमण अथवा अन्य प्रकार के नुकसान से बचाने के इंतजाम करने की मांग की गई।
विधायक ने सर्वसम्मति की अपील की
विधायक विनय कुलकर्णी ने फोन पर ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने गुड्डद स्कूल के पीछे स्थित स्थल का स्वयं निरीक्षण किया है। वहां कंदक (खाई) को समतल करने का काम भी तेजी से चल रहा है।
विधायक ने कहा कि इस स्थान पर कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य है। इसके लिए ग्रामीणों को आपसी सहमति से निर्णय लेना चाहिए और विकास कार्य में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करना चाहिए।
बैठक में किला संरक्षण, स्थल के विकास और भविष्य की योजना को लेकर ग्रामीणों ने अपने विचार रखे। किले के संरक्षण के लिए समिति गठित करने और स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में कल्लप्पा पुडकलकट्टी, जी.आर. जवलगी, रामलिंगप्पा नवलगुंद, मंजुनाथ संकण्णवर, बाबा मोहिउद्दीन चौधरी, मल्लण्णा अष्टगी, बशीर अहमद मालगिमनी, शिवप्पा विजापुर, अब्दुल खादर दोडवाड, वी.बी. हंदूर, पुंडलीक भजंत्री, मल्लिकार्जुन हुटगी, अण्णप्पा निलवाणी, कृष्णा बुदनी और नूरअहमद मुजावर सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

