परिजनों ने संक्रमण और लापरवाही का लगाया आरोप
महिला के खिलाफ मामला दर्ज
चित्रदुर्ग। मोळकालमूरु थाना क्षेत्र में कथित फर्जी महिला डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद किसान की मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उडेवु गांव निवासी राजू (50) के तौर पर की गई है। परिजनों का आरोप है कि बिना चिकित्सकीय योग्यता के लगाए गए इंजेक्शन के कारण संक्रमण फैल गया, जिससे राजू की हालत बिगड़ती चली गई। पुलिस ने कोनसागर गांव निवासी ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इंजेक्शन के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, राजू को बुखार और पेट दर्द की शिकायत थी। 16 अगस्त को वे उपचार के लिए कोनसागर गांव में डॉक्टर का बोर्ड लगाए वीरश के घर गए थे। वीरश की पत्नी ज्योति ने उन्हें इंजेक्शन लगाने के साथ दवाइयां दीं। उसी रात इंजेक्शन वाली जगह पर तेज दर्द शुरू हो गया।
17 अगस्त को राजू को कोंडलहल्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन दर्द बढ़ता गया और वह चलने में भी असमर्थ हो गए। हालत गंभीर होने पर 20 अगस्त को उन्हें अनंतपुर के सनरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेहतर उपचार के लिए उसी शाम बेंगलूरु ले जाया गया, जहां उपचार के बावजूद 25 अगस्त को उनकी मौत हो गई।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
मृतक के भाई आई. वेंकटरेड्डी की शिकायत पर पुलिस ने ज्योति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लापरवाही से लगाए गए इंजेक्शन के कारण संक्रमण हुआ और राजू की जान चली गई।
बताया गया है कि ज्योति के पति वीरश उर्फ जी. सुरेश के खिलाफ करीब छह-सात वर्ष पहले बिना लाइसेंस क्लिनिक चलाने का मामला दर्ज हुआ था। जमानत पर रिहा होने के बाद उसने फिर उपचार शुरू कर दिया। आरोप है कि उसकी पत्नी भी मरीजों को इंजेक्शन देती थी।
तालुक में 40 से अधिक फर्जी चिकित्सक!
मोळकालमूरु तालुक में 40 से अधिक कथित फर्जी चिकित्सकों के सक्रिय होने की बात सामने आई है।
प्रभारी तालुक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गिरीश ने बताया कि कुछ क्लिनिकों को नोटिस देकर बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ लोग बाइक से गांव-गांव जाकर उपचार कर रहे हैं, जिससे उन पर कार्रवाई करना चुनौती बना हुआ है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

