सिलसिलेवार हत्याओं से दहशत, पुलिस व्यवस्था मजबूत करने की मांग
उडुपी। शांति और सौहार्द के लिए प्रसिद्ध तटीय उडुपी जिले में लगातार हो रही हत्याओं ने लोगों को झकझोर दिया है। पिछले 25 दिनों में जिले में दो गोलीकांड सहित 5 हत्या की वारदातें सामने आई हैं। हत्याओं के कारण अलग-अलग हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में व्यक्तिगत रंजिश, पारिवारिक विवाद, आर्थिक लेन-देन के साथ शराब और गांजे के नशे की भूमिका सामने आई है।
31 जुलाई की तडक़े कुंदापुर चर्च रोड स्थित होली रोजारिया चर्च के सामने आर्थिक विवाद को लेकर डेरिक क्रास्ता ने राइफल से गोली मारकर आइवन रिचर्ड मस्कारेनस उर्फ मुन्ना (45) की हत्या कर दी थी। इसके आठ दिन बाद 8 अगस्त को कापू के मुदरंगडी में उद्योगपति डेविड डिसूजा की सुपारी किलरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
24 अगस्त को ब्रह्मावर के बाइकाडी स्थित गांधीनगर में शाहिद अली ने कथित तौर पर हथौड़े से अपने माता-पिता की हत्या कर दी। इसके अगले ही दिन 25 अगस्त को तडक़े करीब 4.30 बजे मछली पकडऩे वाली नाव पर काम करने वाले अभिषेक की गोविंदराज ने शराब के नशे में चाकू मारकर हत्या कर दी।
इन घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस चार मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। लोगों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
मनोचिकित्सक डॉ. पी.वी. भंडारी ने कहा कि गांजा और शराब की लत व्यक्ति के व्यवहार और निर्णय क्षमता को प्रभावित करती है। समाज को नशे और अन्य व्यसनों से दूर रहने के लिए जागरूक होना चाहिए।
किसी को शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी
उडुपी के जिला पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस 24 घंटे सक्रिय है। राउडीशीटरों पर निगरानी, गांजा तस्करी और सेवन के खिलाफ कार्रवाई तथा नए राउडीशीटरों की पहचान की जा रही है। जिले की शांति भंग करने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

