सहकर्मियों से मतभेद के बीच जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका; अस्पताल में उपचार जारी
हरिहर (दावणगेरे). दावणगेरे जिले के हरिहर तालुक के कोक्कनूर स्थित सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा स्कूल परिसर में मंगलवार को कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से शिक्षा विभाग में चिंता का माहौल है।
प्रधानाध्यापक और विद्यालय के सहशिक्षकों तथा रसोई कर्मचारियों के बीच पिछले कुछ दिनों से मतभेद चल रहे थे। विवाद सुलझाने के लिए सोमवार को स्कूल विकास एवं प्रबंधन समिति (एसडीएमसी) के सदस्यों तथा गांव के वरिष्ठ लोगों की मौजूदगी में समझौता बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।
बैठक के दौरान बिगड़ी तबीयत
बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स सेंटर) अधिकारियों की अध्यक्षता में मंगलवार को एक और बैठक बुलाई गई थी। इसी दौरान प्रधानाध्यापक शौचालय गए, जहां उन्होंने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उनकी हालत बिगडऩे पर स्कूल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें दावणगेरे के चिगटेरी जिला अस्पताल पहुंचाया।
वर्तमान में उनका उपचार अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में चल रहा है और चिकित्सक लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
मतभेद को माना जा रहा संभावित कारण
विद्यालय के प्रशासनिक मामलों और कर्मचारियों के बीच चल रहे विवाद के कारण पिछले कुछ दिनों से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, आत्महत्या के प्रयास के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मलेबेन्नूर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस कदम के पीछे विद्यालय के अंदरूनी विवाद जिम्मेदार थे या कोई अन्य कारण।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी घटना की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/
