तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर
दो बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
विजयपुर. जिले के तोरवी के निकट रविवार शाम हुए भीषण सडक़ हादसे में एक शिक्षक दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से परिजनों के साथ-साथ शिक्षा जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतकों की पहचान विजयपुर तालुक के खतिजापुर एचपीएस
(उच्च प्राथमिक स्कूल) स्कूल में कार्यरत जीपीटी शिक्षिका अंबव्वा पूजेरी (34) तथा शहर स्थित चाणक्य करियर अकादमी के शिक्षक गुरुलिंग हुनश्याल (37) के तौर पर की गई है। दंपति के दो बच्चे हैं। माता-पिता की असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रिश्तेदारों के यहां से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, दंपति तिकोटा में एक रिश्तेदार के यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर मोटरसाइकिल से विजयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान तोरवी के पास तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही विजयपुर ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
शिक्षक दंपति के निधन की खबर मिलते ही परिजन, मित्र और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
