रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर रात गुजारने को मजबूर निराश्रित
बंद पड़े आश्रय केंद्रों के पुराने बोर्ड बढ़ा रहे भ्रम
हुब्बल्ली. रेलवे स्टेशन के बाहर फटे कपड़ों में आसमान निहारता एक बेघर व्यक्ति, लकवाग्रस्त बुजुर्ग के पास मक्खियों से घिरा भोजन का पैकेट और सामान की गठरी पर बैठा एक मासूम बच्चा। हुब्बल्ली के रेलवे स्टेशन, नए और पुराने बस अड्डों, चन्नम्मा सर्किल, गोकुल रोड तथा प्रमुख चौराहों पर ऐसे दृश्य अब आम हो चुके हैं। भीख मांगने वाले, मानसिक रूप से अस्वस्थ लोग, फुटपाथ पर रात बिताने वाले निराश्रित और छोटे-मोटे सामान बेचने वाले बच्चे शहर की सामाजिक वास्तविकता को बयां करते हैं।
आश्रय गृह बंद, बेघर फिर सडक़ों पर
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डीएवाई-एनयूएलएम) के तहत हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम क्षेत्र में बेघर लोगों के लिए धारवाड़ में दो और हुब्बल्ली में तीन आश्रय गृह शुरू किए गए थे। लेकिन ये केंद्र चार-पांच वर्ष पहले ही बंद हो गए। बाद में दोनों शहरों में एक-एक नया केंद्र बनाया गया, जिनमें वर्तमान में केवल होसूर क्रॉस के पास स्थित केंद्र ही संचालित हो रहा है। धारवाड़ के लक्ष्मी नगर स्थित आश्रय गृह भी पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा है।
पुरानी हुब्बल्ली के आनंद नगर सामुदायिक भवन में संचालित आश्रय गृह बंद होने के बावजूद वहां एक लकवाग्रस्त निराश्रित व्यक्ति रह रहा है। उसका कहना है कि बीमारी के बाद परिजन उसे यहां छोड़ गए और भवन में संचालित जिम के लोग समय-समय पर भोजन उपलब्ध कराते हैं।

पुराने बोर्ड और गलत जानकारी से बढ़ रहा भ्रम
आनंद नगर स्थित भवन पर अब भी शहरी बेघर आश्रय केंद्र और निरंतर जलापूर्ति योजना ग्राहक सेवा केंद्र के बोर्ड लगे हैं, जबकि वहां न तो कोई आश्रय गृह संचालित हो रहा है और न ही ग्राहक सेवा केंद्र। आश्रय गृह से जुड़े सूचना बोर्डों पर दर्ज अधिकांश संपर्क नंबर भी निष्क्रिय हो चुके हैं। जिन नंबरों पर संपर्क हुआ, वहां से बताया गया कि संबंधित एजेंसी का अनुबंध वर्षों पहले समाप्त हो चुका है।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि आश्रय गृह बंद हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन सूचना पट्ट हटाए नहीं गए हैं, जिससे जरूरतमंद लोग भ्रमित होकर यहां पहुंच जाते हैं। एक गैर-सरकारी संस्था के पूर्व कर्मचारी ने कहा कि उन्हें आज भी इस केंद्र के संबंध में फोन आते हैं। उन्होंने महानगर निगम से बंद हो चुके आश्रय गृहों की पुरानी सूचनाएं और बोर्ड तत्काल हटाने तथा बेघर लोगों के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

