नायर और जे.जे. अस्पताल का निरीक्षण
गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार देने के निर्देश
मुंबई। विधान परिषद के उपसभापति सचिन अहिर ने मुंबई महानगर पालिका के नायर अस्पताल और राज्य सरकार के सर जे.जे. अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पतालों में मरीजों को समय पर उपचार और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जे.जे. अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर अहिर ने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपचार के दौरान आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि बीमारी के कारण मरीज और उनके परिजन पहले ही मानसिक एवं शारीरिक तनाव में रहते हैं। ऐसे में अस्पताल कर्मियों का उनके प्रति संवेदनशील और सौजन्यपूर्ण व्यवहार जरूरी है।
उन्होंने नायर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं अधिष्ठाता डॉ. शैलेश मोहिते को कर्मचारियों को मरीजों और परिजनों से विनम्र व्यवहार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए।
अहिर ने गंभीर मरीजों को बिना देरी तत्काल उपचार उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंदों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अस्पताल स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जे.जे. अस्पताल एवं ग्रांट शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अजय हरिभाऊ भंडारवार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय सुरासे समेत विभिन्न विभागों के चिकित्सक और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
