शृंगेरी के करकेश्वर-गब्बूर में प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने पत्थर डालकर बनाई सडक़
चिक्कमगलूरु। जिले के शृंगेरी विधानसभा क्षेत्र के करकेश्वर-गब्बूर गांव में सडक़ की बदहाली और प्रशासन की कथित अनदेखी से परेशान ग्रामीणों ने अनोखा विरोध दर्ज कराया। लंबे समय से सडक़ की मरम्मत नहीं होने पर ग्रामीणों ने खुद पत्थर जुटाकर सडक़ के बड़े-बड़े गड्ढे भर दिए और आवागमन योग्य रास्ता तैयार किया।
बार-बार शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में सडक़ की मरम्मत और उचित सडक़ निर्माण की मांग को लेकर विधायक तथा संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सडक़ के गड्ढों में केवल मिट्टी डालने से बारिश में वह बह जाती, इसलिए गांव के युवाओं ने मिलकर आसपास उपलब्ध बड़े पत्थरों को जुटाया और गड्ढों में डालकर रास्ते को समतल किया।
‘पुराने जमाने की सडक़’ के लिए विधायक को व्यंग्यात्मक धन्यवाद
सडक़ की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी है। ग्रामीणों ने पत्थरों से सडक़ बनाने की स्थिति पैदा होने पर शृंगेरी के विधायक टी.डी. राजेगौड़ा को व्यंग्यात्मक रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें पुराने दौर की तरह पत्थर डालकर सडक़ बनाने के दिन याद करा दिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सडक़ की स्थायी मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि खराब सडक़ के कारण रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

