गंगोली में 1.4 किमी सडक़ पर चलना मुश्किल
बारिश का पानी घरों में घुसने से लोग परेशान
गंगोली (उडुपी)। बंदरगाह नगरी गंगोली में मैंगनीज रोड के पास से दाकुहित्लु तक पंचगंगावली नदी किनारे करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई 1.4 किलोमीटर लंबी रिंग रोड इन दिनों पूरी तरह बदहाल हो गई है। सडक़ पर वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है।
करीब पांच वर्ष पहले बनाई गई यह रिंग रोड मिट्टी की होने के कारण जगह-जगह पानी जमा होकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। पूरी सडक़ कीचड़ से भर गई है। दोपहिया वाहन कीचड़ में फंस रहे हैं, जबकि ऑटो रिक्शा और अन्य वाहन चालक इस मार्ग पर जाने से कतरा रहे हैं।
6 मीटर की सडक़ कहीं 3 मीटर तक सिमटी
करीब छह मीटर चौड़ी यह सडक़ धीरे-धीरे संकरी होती जा रही है। कुछ स्थानों पर इसकी चौड़ाई महज तीन मीटर रह गई है। ऐसे में दो वाहनों का एक साथ गुजरना मुश्किल हो गया है। सडक़ किनारे लगे पेड़-पौधे भी सडक़ की ओर झुक गए हैं, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही है।
बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने से सडक़ और आसपास के इलाकों में पानी जमा हो रहा है। मैंगनीज रोड वठार और तारीमने क्षेत्र में भारी मात्रा में पानी जमा होने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। आसपास के निचले इलाकों में स्थित घरों में भी बारिश का पानी घुस रहा है। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
कई बस्तियों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग
20 हजार से अधिक आबादी वाले गंगोली गांव में पहले वैकल्पिक संपर्क मार्ग नहीं था। पंचगंगावली नदी किनारे स्थित दाकुहित्लु, गुड्डेकेरी और तारीमने क्षेत्र के लोग सडक़ सुविधा के अभाव में कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित थे।
घरों के लिए किराना और अन्य जरूरी सामान पहुंचाना भी मुश्किल था। मकान निर्माण के लिए पत्थर, मिट्टी और अन्य सामग्री ले जाने के लिए लोगों को करीब दो किलोमीटर तक सामान सिर पर ढोकर ले जाना पड़ता था। आपात स्थिति में मरीज को भी मुख्य सडक़ तक उठाकर ले जाने की मजबूरी रहती थी। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद मिट्टी की रिंग रोड बनाई गई थी, लेकिन अब इसकी हालत भी खराब हो चुकी है।
स्थायी मरम्मत की मांग
गंगोली के पूर्व तालुक पंचायत सदस्य सुरेंद्र खारवी ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद बनी रिंग रोड अब पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है। वाहनों के कीचड़ में फंसने से आवाजाही मुश्किल हो रही है। आपात स्थिति में ऑटो रिक्शा और अन्य वाहनों को इस मार्ग से ले जाने में भी परेशानी होती है। उन्होंने सडक़ की तत्काल मरम्मत के साथ स्थायी रूप से पक्की सडक़ बनाने की कार्रवाई करने की मांग की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

