रामदुर्ग में बिना हेलमेट चलने वालों को सीधे भेजे जा रहे चालान
सडक़ सुरक्षा नियमों के पालन में बढ़ी जागरूकता
रामदुर्ग (बेलगावी)। सडक़ सुरक्षा और सुगम यातायात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामदुर्ग के संगोल्ली रायण्णा चौक पर पुलिस विभाग द्वारा लगाए गए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) आधारित कैमरों का असर अब स्पष्ट दिखाई देने लगा है। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को सीधे चालान भेजे जाने के बाद शहर में हेलमेट की मांग अचानक बढ़ गई है।
अब तक जागरूकता अभियानों के बावजूद अधिकांश चालक हेलमेट पहनने से बचते थे और कई बार प्रभाव का इस्तेमाल कर कार्रवाई से बच निकलते थे। लेकिन एआइ कैमरों के जरिए स्वत: चालान जारी होने से अब बड़ी संख्या में लोग हेलमेट पहनकर ही वाहन चला रहे हैं।
200 से 500 रुपए तक बिक रहे हेलमेट
शहर में हेलमेट अनिवार्य होने के बाद संगोल्ली रायण्णा चौक, मिनी विधानसौधा, एपीएमसी यार्ड सहित कई स्थानों पर फुटपाथ विक्रेताओं ने हेलमेट बेचना शुरू कर दिया है। हेलमेट की कीमत 200 से 500 रुपए के बीच है। अधिकांश दोपहिया चालक अब सुरक्षा नियमों का पालन करते नजर आ रहे हैं।
हालांकि, कुछ वाहन चालकों का कहना है कि पुलिस को हेलमेट अनिवार्य करने से पहले पर्याप्त जनजागरूकता अभियान चलाना चाहिए था। उनका आरोप है कि बिना पूर्व सूचना के नियमों को सख्ती से लागू करना उचित नहीं है।
रामदुर्ग के डीएसपी चिदंबर मडिवालर ने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सांकेतिक जुर्माना लगाया जा रहा है। उन्होंने दोपहिया चालकों से हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

