मौली कोकाटे ने हरियाणा केसरी को चित किया
50 से अधिक जोडिय़ों ने दिखाया दमखम
महालिंगपुर (बागलकोट)। चमत्कार पुरुष महालिंगेश्वर की जत्रा के चौथे दिन महात्मा गांधी स्टेडियम कुश्ती के रोमांच से गूंज उठा। राष्ट्रस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में महाराष्ट्र केसरी मौली कोकाटे ने हरियाणा केसरी सुमित कुमार को पटखनी देकर बाजी मारी। मुकाबले के दौरान दर्शकों ने तालियों और सीटियों से पहलवानों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में छह प्रमुख मुकाबलों समेत 50 से अधिक जोडिय़ों ने अखाड़े में जोर आजमाइश की। महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब और कर्नाटक के पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों ने दर्शकों को बांधे रखा।
पहले प्रमुख मुकाबले में मौली कोकाटे ने सुमित कुमार को हराया। डबल कर्नाटक केसरी कार्तिक काटे ने पंजाब केसरी अमित कुमार को शिकस्त दी। कर्नाटक कंठीरव कामेश पाटील ने पुणे के सतीश मोडे, कोल्हापुर के नागराज बसिडोणी ने हरियाणा केसरी हरीश कुमार तथा बेलगावी के शिवानंद निर्वानट्टी ने पुणे के ओमकार मगदूम को मात दी। दावणगेरे के बसु यल्लट्टी और महाराष्ट्र के मोहिन पटेल का मुकाबला बराबरी पर छूटा।
महिला वर्ग में महालिंगपुर की मुस्मान ने हलिंगली की सिंधू को हराया।
प्रतियोगिता में बेलगावी, धारवाड़, राणेबेन्नूर, मुधोल, हनगंडी, इंडी, सिंदगी सहित कई क्षेत्रों के पहलवान शामिल हुए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

