कृषि मेला सफल बनाएं

मंत्री संतोष एस. लाड ने दिए निर्देश

आधुनिक कृषि तकनीक, फसल सुधार और किसानों की समस्याओं के समाधान पर रहेगा विशेष जोर

हुब्बल्ली. धारवाड़ में आयोजित होने वाले कृषि मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिला प्रभारी मंत्री एवं श्रम मंत्री संतोष एस. लाड ने कहा कि वर्तमान कृषि और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए यह मेला सफल होना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन को आश्वासन दिया कि मेला सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग दिया जाएगा।

लाड ने जिलाधिकारी कार्यालय धारवाड़ में हुई बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले किसानों और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। मेला केवल व्यापार या भीड़ जुटाने तक सीमित न रहे, बल्कि वास्तव में किसानों के लिए उपयोगी सिद्ध होना चाहिए।

उन्होंने कहा लगातार बारिश से जिले में लगभग 1 लाख हेक्टेयर फसलें नष्ट हो चुकी हैं। इस संबंध में कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और छात्रों को खेतों का दौरा कर कारणों का अध्ययन करने और सरकार के संज्ञान में लाने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी दिव्य प्रभु ने मेले में लगने वाले स्टॉल, परिवहन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रचार-प्रसार की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि बीमा योजनाओं, विशेषकर आम और अन्य फसलों की बीमा राशि समय पर किसानों तक नहीं पहुंच रही है, इस पर वैज्ञानिक अध्ययन होना चाहिए।

कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पी.एल. पाटिल ने कहा कि कृषि मेला 13 से 16 सितंबर तक आयोजित होगा। इस वर्ष का विषय “खाद्य पोषण, मिट्टी और बीज की किस्मों पर आधारित कृषि प्रसंस्करण” रहेगा। मेले में आधुनिक कृषि उपकरणों का प्रदर्शन, नए बीजों की जानकारी, जैविक खेती और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विशेषज्ञों के व्याख्यान होंगे।

बैठक में नवलगुंद विधायक एनएच कोनरेड्डी, पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य, नगर निगम आयुक्त डॉ. रुद्रेश घाळी तथा पुलिस उपआयुक्त महानिंग नंदगावी, कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रमुख, जिला स्तरीय अधिकारी और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *