कुष्टगी में वर्षा की कमी से खरीफ फसलें चौपट
शिवराज तंगडगी बोले- सर्वे रिपोर्ट के आधार पर सरकार लेगी निर्णय
कोप्पल। कुष्टगी तालुक में गंभीर वर्षा अभाव के कारण खरीफ फसलों को हुए व्यापक नुकसान का जायजा लेने के लिए जिला प्रभारी मंत्री शिवराज तंगडगी तथा जिलाधिकारी डॉ. सुरेश हिटनाल ने मेणेधाल ग्राम पंचायत क्षेत्र के चिक्कतम्मिनाल गांव का दौरा किया। उन्होंने किसानों के खेतों में पहुंचकर फसल क्षति का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने सूखे से नष्ट हुई बाजरा, मूंग, अरहर और सूरजमुखी की फसलें दिखाते हुए बताया कि कर्ज लेकर खेती करने के बावजूद उन्हें उत्पादन की कोई उम्मीद नहीं बची है। किसानों ने सरकार से तत्काल राहत और मुआवजे की घोषणा करने की मांग की।
रिपोर्ट के आधार पर होगा निर्णय
मंत्री शिवराज तंगडगी ने कहा कि मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के निर्देश पर जिले में दो दिनों तक फसल नुकसान और क्रॉप सर्वे की समीक्षा की जा रही है। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार किसानों के हित में उचित निर्णय लेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सूखा घोषित करने की प्रक्रिया सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार ही पूरी की जाएगी। कुष्टगी क्षेत्र में वर्षा की गंभीर कमी की स्थिति का अधिकारियों के साथ विस्तृत आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फसल बीमा पर भी सख्ती
मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि फसल बीमा कंपनियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि किसानों के साथ किसी प्रकार का अन्याय न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पात्र किसानों को नियमानुसार राहत और मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक दोड्डनगौड़ा पाटिल, पूर्व मंत्री अमरेगौड़ा पाटिल बय्यापुर, जिला पंचायत के उपसचिव कृष्णमूर्ति, संयुक्त कृषि निदेशक कृष्णमूर्ति सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

