कासरगोड में भी छापेमारी
मलप्पुरम विस्फोटक बरामदगी प्रकरण से जुड़े दस्तावेज जब्त
कई जिलों में जांच जारी
कासरगोड. मलप्पुरम जिले में विस्फोटक सामग्री बरामद होने के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की जांच तेज हो गई है। इसी कड़ी में कासरगोड जिले में भी तलाशी अभियान जारी रखते हुए अधिकारियों ने एक आवासीय परिसर पर छापा मारा और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
कुंबले थाना क्षेत्र के कट्टत्तडका स्थित एकेजी नगर के एक क्वार्टर में एनआईए की टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी बुक), तीन विजिटिंग कार्ड तथा अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में लिए गए।
उल्लेखनीय है कि 7 फरवरी को मलप्पुरम जिले के तिरूरंगाड़ी क्षेत्र में एक लारी से प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। इस मामले में मोहम्मद सलीम नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जांच एजेंसियों को जानकारी मिली थी कि सलीम की पत्नी और बच्चे कट्टत्तडका स्थित उक्त क्वार्टर में रह रहे हैं। इसी आधार पर एनआईए अधिकारियों ने वहां छापेमारी की। हालांकि, अधिकारियों ने जांच से संबंधित अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
कोझिकोड, मलप्पुरम, कन्नूर और कासरगोड जिलों में शनिवार से ही व्यापक स्तर पर जांच और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
