अरब सागर में मानवता की मिसाल
एसओएस कॉल पर त्वरित कार्रवाई
भोजन-चिकित्सा सहायता के साथ सभी कर्मियों की सुरक्षित मदद
नई दिल्ली: अरब सागर में फंसे एक भारतीय वाणिज्यिक जहाज के संकट के समय पाकिस्तान नौसेना ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए सभी कर्मचारियों की मदद की। ‘एमवी गौतम’ नामक यह जहाज ओमान से भारत आते समय तकनीकी खराबी के कारण समुद्र के बीचों-बीच फंस गया था।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, जहाज से भेजे गए आपातकालीन संकेत के बाद पाकिस्तान नौसेना ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। इस जहाज में छह भारतीय और एक इंडोनेशियाई कर्मचारी सवार थे।
तत्काल राहत और बचाव अभियान
मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र द्वारा इस्लामाबाद को सूचना दिए जाने के बाद पाकिस्तान नौसेना ने ‘पीएमएसएस कश्मीर’ पोत को मौके पर भेजा। नौसेना ने जहाज के कर्मचारियों को भोजन, चिकित्सा सहायता और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।
तकनीकी खराबी से फंसा जहाज
भारतीय तटरक्षक के अनुसार, जहाज में जनरेटर की खराबी के कारण पूर्ण विद्युत विफलता हो गई थी। घटना के समय जहाज पाकिस्तान के खोज एवं बचाव क्षेत्र में था, इसलिए समन्वय के तहत जानकारी पाकिस्तान को भेजी गई।
दोनों देशों के बीच समन्वय
मुंबई के समुद्री बचाव केंद्र और पाकिस्तान अधिकारियों के बीच तालमेल से यह अभियान सफल रहा। बाद में जहाज भारतीय क्षेत्र की ओर बढऩे लगा। हालांकि भारतीय तटरक्षक का पोत भी सहायता के लिए रवाना किया गया था, लेकिन प्राथमिक राहत पाकिस्तान की ओर से ही प्रदान की गई।
यह घटना क्षेत्रीय तनावों के बीच मानवीय सहयोग और सद्भावना का सकारात्मक उदाहरण मानी जा रही है, जहां संकट की घड़ी में सीमाओं से परे जाकर जीवन बचाने को प्राथमिकता दी गई।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
