25 एकड़ जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू
बागवानी महाविद्यालय की भूमि पर प्रस्तावित स्टेडियम
कॉलेज प्रशासन ने जमीन हस्तांतरण का किया विरोध
बीदर। जिले में आधुनिक खेल स्टेडियम निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। उद्यानिकी (बागवानी) विभाग की 25 एकड़ भूमि खेल परिसर के लिए हस्तांतरित करने की कवायद शुरू हो गई है। बीदर तालुक के कोलार (के) गांव के सर्वे नंबर 287/1 में उद्यानिकी विभाग की कुल 49 एकड़ 23 गुंटे भूमि है, जो फिलहाल उद्यानिकी महाविद्यालय के अधीन है। इसी में से 25 एकड़ भूमि स्टेडियम निर्माण के लिए प्रस्तावित की गई है।
इससे पहले मंत्री ईश्वर खंड्रे और जिलाधिकारी शिल्पा शर्मा ने शहर के आसपास कई स्थानों का निरीक्षण किया था। अंतत: उद्यानिकी विभाग की भूमि को जिलाधिकारी मानते हुए स्टेडियम निर्माण का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने उद्यानिकी विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर 25 एकड़ भूमि आरक्षित करने के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मांगा था। बाद में मंत्री खंड्रे ने भी भूमि हस्तांतरण के प्रस्ताव को मंत्रिमंडल के समक्ष रखने का अनुरोध किया।
अब उद्यानिकी विभाग की अवर सचिव शीतल एम. हिरेमठ ने निदेशक को पत्र लिखकर स्टेडियम के लिए एनओसी जारी करने का अनुरोध किया है। संभावना है कि यह प्रस्ताव जल्द ही मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। मंजूरी मिलने पर जिले में आधुनिक खेल स्टेडियम की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकती है।
जिले में पहले से नेहरू स्टेडियम संचालित है, जबकि भालकी तालुक के अंबेसांगवी क्रॉस के पास भी नया स्टेडियम निर्माणाधीन है। बढ़ती आबादी और खेल गतिविधियों को देखते हुए अलग आधुनिक स्टेडियम की मांग लंबे समय से उठ रही है।
हालांकि, उद्यानिकी महाविद्यालय प्रशासन ने भूमि हस्तांतरण का विरोध किया है। उनका कहना है कि यह अत्यंत उपजाऊ भूमि है, जहां आम, काजू, सहजन, नारियल, सीताफल समेत विभिन्न बागवानी फसलों पर शोध और किसानों के प्रशिक्षण का कार्य चल रहा है। कॉलेज का तर्क है कि संस्थान के लिए न्यूनतम 80 एकड़ भूमि आवश्यक है, इसलिए कृषि अनुसंधान और प्रशिक्षण प्रभावित होने की आशंका है।
आंकड़े
कुल भूमि : 49 एकड़ 23 गुंटे
स्टेडियम के लिए प्रस्तावित भूमि : 25 एकड़
स्थान : कोलार (के), बीदर तालुक
वर्तमान उपयोग : उद्यानिकी महाविद्यालय का शोध एवं प्रशिक्षण परिसर
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

