हुब्बल्ली में सफाई व्यवस्था की खुली पोलसंग्गोल्ली रायन्ना सर्कल की मुख्य सडक़ पर फैला गंदा पानी।

सडक़ पर बह रहा गंदा पानी, चन्नम्मा सर्कल के नीचे कचरे का ढेर

आनंदनगर में खाली जगह बनी कूड़ा डंपिंग स्थल

हुब्बल्ली। शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। कहीं खुले मैनहोल से गंदा पानी मुख्य सडक़ पर बह रहा है तो कहीं फ्लाइओवर के नीचे कचरे का ढेर लगा है। वहीं, भवानी नगर भावदीप स्कूल के पास स्थित हुब्बल्ली नाला पर बनी रोड और आनंदनगर में श्रम विभाग कार्यालय के सामने खाली जगह को लोगों ने कचरा फेंकने का अड्डा बना दिया है। इससे दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।

मुख्य सडक़ पर बह रहा सीवेज

संग्गोल्ली रायन्ना सर्कल की मुख्य सडक़ पर मैनहोल से निकल रहा गंदा पानी सडक़ पर फैल रहा है। इससे पूरा क्षेत्र दुर्गंध से परेशान है। वाहन चालक और राहगीर नाक बंद कर गुजरने को मजबूर हैं। सडक़ पर बह रहे गंदे पानी के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है।

इस क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण के कारण पहले से ही धूल की समस्या बनी हुई है। ऐसे में सडक़ पर सीवेज बहने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है। लोगों ने हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम से खुले मैनहोल को तत्काल बंद कराने और सीवेज की समस्या दूर करने की मांग की है।

फ्लाइओवर के नीचे कचरे का अंबार

चन्नम्मा सर्कल फ्लाइओवर के नीचे बड़ी मात्रा में कचरा जमा है। शहर में आने वाले यात्रियों का स्वागत यहां कचरे के ढेर से होता दिखाई दे रहा है। स्थानीय दुकानों से निकलने वाले गत्ते के डिब्बे और प्लास्टिक की थैलियां यहां लाकर फेंकी जा रही हैं।

फ्लाईओवर के पिलर के नीचे जमा कचरा धीरे-धीरे सडक़ तक फैल रहा है। इससे यातायात प्रभावित होने की आशंका है। यात्रियों ने नगर निगम अधिकारियों से कचरा तत्काल हटाने और यहां दोबारा कचरा नहीं डाला जाए, इसकी व्यवस्था करने की मांग की है।

खाली जगह बनी कूड़ा डंपिंग साइट

भवानी नगर भावदीप स्कूल के पास स्थित हुब्बल्ली नाला पर बनी रोड पर पुराने गद्दे, बिस्तर, प्लास्टिक की थैलियों में भरकर कचरा फेंका जा रहा है। इससे स्कूल के छात्रों, राहगीरों, दो पहिया वाहन चालकों, स्कूल आटो रिक्शा चालकों और आसपास के लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
आनंदनगर स्थित श्रम विभाग कार्यालय के सामने खाली जगह में भी लगातार कचरा फेंका जा रहा है। स्थानीय लोग घरों से निकलने वाला कचरा प्लास्टिक की थैलियों में भरकर यहां छोड़ जा रहे हैं। कचरे के ढेर से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यहां मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। लंबे समय से कचरा जमा होने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल कचरा हटाने के साथ खाली जगह पर कचरा फेंकने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *