निजी विद्यालयों में व्हाट्सऐप पर होमवर्क
एप पर तस्वीर अपलोड करना अनिवार्य
बढ़ रहा स्क्रीन टाइम
अभिभावकों की चिंता—पढ़ाई के बहाने मोबाइल पर निर्भर हो रहे बच्चे, कमजोर पड़ रही चिंतन क्षमता
दावणगेरे। कई निजी विद्यालयों में गृहकार्य (होमवर्क) अब व्हाट्सऐप समूहों के जरिए भेजा जा रहा है। विद्यार्थियों को मोबाइल पर निर्देश देखकर काम पूरा करना और उसकी तस्वीर स्कूल के एप पर अपलोड करना अनिवार्य है। इस व्यवस्था से बच्चों का स्क्रीन टाइम बढ़ रहा है और अभिभावक उनकी मोबाइल पर बढ़ती निर्भरता को लेकर चिंतित हैं।
नोट्स, कार्यपत्रक और परियोजनाओं की जानकारी भी डिजिटल माध्यमों से भेजी जाती है। स्मार्ट कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड पर वीडियो और तस्वीरों के जरिए पढ़ाई होती है। ऐसे में स्कूल से घर लौटने के बाद भी बच्चों का मोबाइल से संपर्क बना रहता है। मोबाइल उपलब्ध नहीं होने पर गृहकार्य अधूरा रह जाने की स्थिति भी बनती है।
पढ़ाई के लिंक से भटकने का खतरा
अभिभावकों का कहना है कि पाठ्य सामग्री के लिंक खोलने पर दूसरे लिंक सामने आते हैं, जिनके जरिए बच्चे खेल और ऑनलाइन जुए जैसी गतिविधियों तक पहुंच सकते हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिक्षक यह सुनिश्चित भी नहीं करते कि विद्यार्थियों को पाठ ठीक से समझ आया या नहीं।
राज्य सरकार ने बच्चों में पढऩे की रुचि और तार्किक क्षमता बढ़ाने के लिए जून में सरकारी स्कूलों में मोबाइल छोड़ो, किताब पकड़ो अभियान शुरू किया था। अभिभावकों के अनुसार, निजी विद्यालयों में मोबाइल के इस्तेमाल पर नियंत्रण के ऐसे प्रयास नहीं दिख रहे हैं। स्कूल प्रबंधन का तर्क है कि व्हाट्सऐप से गृहकार्य और गतिविधियों की जानकारी अभिभावकों तक आसानी से पहुंचाई जा सकती है।
प्रभावित हो रही बच्चों की चिंतन क्षमता
शिक्षा विशेषज्ञ विजयकुमार अंगड़ी का कहना है कि स्कूलों की डिजिटल कार्यप्रणाली के कारण अभिभावक बच्चों को मोबाइल देने के लिए मजबूर हैं। मोबाइल पर तेजी से मिलने वाली जानकारी बच्चों को उस पर निर्भर बना सकती है। इससे उनकी सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित होने के साथ आंखों से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी रहता है।
अभिभावक मालतेश राव पी.के. के अनुसार, मोबाइल पर निर्भरता से बच्चों की स्वयं प्रयास करके सीखने की क्षमता कमजोर हो रही है। शैक्षणिक गतिविधियों में इसके इस्तेमाल पर नियंत्रण जरूरी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

