13 केंद्रों पर 7,842 अभ्यर्थी शामिल
सीसीटीवी और वेबकास्ट से नजर
दावणगेरे। कर्नाटक लोकसेवा आयोग (केपीएससी) की 319 राजपत्रित परिवीक्षाधीन अधिकारियों की भर्ती के लिए प्रारंभिक प्रतियोगी परीक्षा रविवार को जिले के 13 केंद्रों पर शुरू हुई। दो सत्रों में आयोजित परीक्षा में 7,842 अभ्यर्थी शामिल हुए। नकल रोकने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे और केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निष्क्रिय करने के लिए जैमर लगाए गए हैं। आयोग मुख्यालय, जिलाधिकारी कार्यालय और स्मार्ट सिटी नियंत्रण केंद्र से वेबकास्ट के जरिए निगरानी की जा रही है।
इस बार तीन प्रतियों वाली ओएमआर उत्तरपत्रिका की व्यवस्था की गई है। एक प्रति अभ्यर्थी को मिलेगी, दूसरी आयोग को भेजी जाएगी और तीसरी जिलाधिकारी की निगरानी में सुरक्षित रखी जाएगी। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्र और उत्तरपत्रिकाएं पुलिस सुरक्षा वाले जिला कोषागार में रखी जाएंगी। स्कैनिंग और अपलोड की प्रक्रिया दो से तीन घंटे में पूरी करने की व्यवस्था है।
प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दो निरीक्षक तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 10 मार्ग अधिकारी और चार पर्यवेक्षक नियुक्त हैं। सभी केंद्रों पर कान, नाक और गला रोग विशेषज्ञों की जांच तथा एंबुलेंस की सुविधा रखी गई है। केंद्रों के एक किलोमीटर के दायरे में छायाप्रति की दुकानें और 200 से 300 मीटर के दायरे में अन्य दुकानें बंद कराई गई हैं।
अभ्यर्थियों के लिए वेशभूषा संबंधी नियम लागू हैं। जूते के बजाय हल्की चप्पल पहनना अनिवार्य है। मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट घड़ी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित हैं। धार्मिक आस्था से जुड़ी कुछ वस्तुओं को छूट दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. एच.टी. शेखर ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

