वित्तीय विवाद में हत्या की आशंका
वारदात के बाद आरोपी फरार
हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कुंदापुर (उडुपी)। उडुपी जिले के कुंदापुर शहर में चर्च रोड के निकट गुरुवार देर रात बीच सडक़ पर गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। मुख्य आरोपी डेरेक क्रास्ता फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे वित्तीय लेन-देन का विवाद सामने आया है।
मृतक की पहचान आइवन रिचर्ड मस्कारेनस (45) के तौर पर की गई है, जो मूल रूप से हेब्री के संतेकट्टे का निवासी था और वर्तमान में बारकूर के कच्चूर में किराये के मकान में रह रहा था। वहीं आरोपी डेरेक क्रास्ता (54) हेम्माडी के कन्नडक़ुद्रु का निवासी है और फिलहाल कुंदापुर के एक फ्लैट में रह रहा था।
फोन पर विवाद के बाद हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11.45 बजे दोनों के बीच किसी वित्तीय और अन्य लेन-देन को लेकर फोन पर तीखी बहस हुई। आरोपी ने कथित तौर पर आइवन को अकेले कुंदापुर आने की चुनौती दी। इसके बाद आइवन तडक़े करीब 1.30 बजे बारकूर से कुंदापुर पहुंचे और अपनी लोकेशन आरोपी को भेजी।
सुबह करीब 3.15 बजे डेरेक अपनी कार से चर्च रोड पहुंचा। जैसे ही आइवन अपनी कार से बाहर निकले, आरोपी ने अपने साथ लाए हथियार से उनकी कमर के नीचे गोली चला दी। गोली लगने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और आइवन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी कार से फरार हो गया।
घटना के समय आइवन के साथ उनकी महिला मित्र ललिता पुजारी, जो पिछले कुछ वर्षों से उनके साथ रह रही थीं, भी कार में मौजूद थीं। उनकी शिकायत पर कुंदापुर नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही उडुपी के पुलिस अधीक्षक हरिराम शंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुधाकर नायक, डीवाइएसपी एच.डी. कुलकर्णी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक और सीन ऑफ क्राइम विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष जांच टीमें गठित की हैं।
दोनों पर पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक आइवन रिचर्ड मस्कारेनस उर्फ मुन्ना वर्ष 2014 में उदयावर के निकट हुई पिट्टी नागेश हत्याकांड में आरोपी रह चुका था, हालांकि बाद में वह बरी हो गया था। उसके खिलाफ दो-तीन अन्य मामले भी दर्ज थे। वहीं आरोपी डेरेक क्रास्ता के विरुद्ध भी चार आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
यह घटना हाल के वर्षों में कुंदापुर में हुई पहली गोलीबारी कर हत्या की वारदात मानी जा रही है, जिससे शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

