एसआइटी की अंतिम रिपोर्ट में पुष्टि
परिजनों के आवेदन पर कानूनी प्रक्रिया के बाद सौंपे जाएंगे अस्थिपंजर
बेल्तंगडी (दक्षिण कन्नड़)। धर्मस्थल गांव में कथित रूप से दफनाए गए शवों के मामले में विशेष जांच दल (एसआइटी) की जांच में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। बंगलेगुड्डे क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान मिले अस्थिपंजरों (कंकालों) में से तीन की पहचान डीएनए जांच के जरिए पुष्टि हो गई है।
एसआइटी ने 15 जुलाई को बेल्तंगडी न्यायालय में प्रस्तुत अपनी अंतिम रिपोर्ट में इस तथ्य का उल्लेख किया है कि डीएनए परीक्षण के आधार पर तीन मृतकों की पहचान स्थापित की गई है।
जिन लोगों की पहचान हुई है उनमें कोडगु जिले के विराजपेट तालुक के टी. शेट्टिगेरी गांव निवासी यू.बी. अय्यप्पा (70), तुमकूरु जिला गुब्बी तालुक के दासरकल्लहल्ली निवासी आदिशेष नारायण (27) तथा कोलार जिले के श्रीनिवासपुर तालुक के मीसगानहल्ली निवासी कृष्णप्पा (85) के तौर पर की गई है।
दो मामलों में पहले से दर्ज थी गुमशुदगी
एसआइटी के अनुसार, तीनों व्यक्ति लापता थे और इनमें से दो के संबंध में संबंधित स्थानीय पुलिस थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। डीएनए जांच के बाद उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि हो गई है।
परिजनों को सौंपे जा सकेंगे अवशेष
रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि संबंधित परिवार एसआइटी को आवेदन प्रस्तुत करते हैं, तो कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद संबंधित कंकाल उन्हें सौंपे जा सकते हैं।
धर्मस्थल में कथित तौर पर दफनाए गए शवों के मामले की जांच एसआइटी द्वारा विभिन्न पहलुओं से की जा रही है और डीएनए जांच से हुई यह पहचान जांच की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

