आलाकमान के साथ लंबी बैठक के बाद के.सी. वेणुगोपाल बोले- “सिर्फ चुनावी रणनीति पर हुई चर्चा”
नई दिल्ली. कर्नाटक की राजनीति को लेकर दिल्ली में दिनभर चली चर्चाओं और नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच कांग्रेस ने आखिरकार स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है। मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को कांग्रेस आलाकमान के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसके बाद पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री बदलने की खबरों को महज अफवाह बताया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में हुई इस बैठक में एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और डी.के. शिवकुमार शामिल रहे। बैठक कई घंटों तक चली और इसके बाद संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने स्पष्ट कहा कि बैठक में केवल आगामी विधान परिषद और राज्यसभा चुनावों पर चर्चा हुई। उम्मीदवारों के चयन, चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही मुख्यमंत्री परिवर्तन की खबरें पूरी तरह अनुमान आधारित हैं।
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी कहा कि बैठक का एजेंडा केवल चुनाव संबंधी था और किसी प्रकार के नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा नहीं हुई।
हालांकि, संवाददाता सम्मेलन के दौरान जब मुख्यमंत्री बदलने को लेकर सवाल पूछा गया तो मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार बिना प्रतिक्रिया दिए वहां से रवाना हो गए। इससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर अभी भी जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
