राज्यसभा के जरिए राष्ट्रीय राजनीति में बुलाने की चर्चा
डी.के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की अटकलें तेज
नई दिल्ली/बेंगलूरु. कर्नाटक की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या को मुख्यमंत्री पद छोडक़र राज्यसभा के माध्यम से दिल्ली आकर राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी संभालने का प्रस्ताव दिया है। यदि यह बदलाव होता है तो उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने की संभावना बढ़ सकती है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व ने सिद्धरामय्या को संगठनात्मक और प्रशासनिक स्तर पर बड़ी भूमिका निभाने का संकेत दिया है। साथ ही उनकी अन्य राजनीतिक चिंताओं और समीकरणों को भी सुलझाने का भरोसा दिया गया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक सिद्धरामय्या ने अभी तक इस प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी है और वे अपने करीबी मंत्रियों व समर्थकों के साथ लगातार चर्चा कर रहे हैं।
इसी बीच मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं को खारिज किया।
एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि बैठक में केवल राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों पर चर्चा हुई है। उन्होंने नेतृत्व परिवर्तन की खबरों को “सिर्फ अफवाह” बताया और इस तरह की अटकलें न फैलाने की अपील की।
हालांकि, 2023 विधानसभा चुनाव के बाद से ही डी.के. शिवकुमार को भविष्य में मुख्यमंत्री पद दिए जाने की चर्चाएं समय-समय पर उठती रही हैं। ऐसे में दिल्ली में हुई ताजा बैठकों के बाद कर्नाटक कांग्रेस की राजनीति फिर गरमा गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

