पर्यटन विभाग ने शुरू की तैयारी
टैगोर बीच पर दोबारा शुरू हो सकती है ‘स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस’
रेलवे से मांगी तकनीकी रिपोर्ट
कारवार. अरब सागर की लहरों के बीच कभी पर्यटकों का आकर्षण रही ‘पुटाणी ट्रेन’ (मिनी ट्रेन) के फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद जगी है। वर्षों से बंद पड़ी इस छोटी ट्रेन को पुन: शुरू करने के लिए पर्यटन विभाग ने पहल तेज कर दी है।
टैगोर बीच पर चलने वाली ‘स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस’ नाम की यह मिनी ट्रेन 2006 से बंद पड़ी है। अब इसे दोबारा शुरू करने के लिए विभाग ने दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) के मैसूर स्थित मुख्यालय से संपर्क किया है।
रेलवे विशेषज्ञ करेंगे निरीक्षण
पर्यटन विभाग की उपनिदेशक मंगला गौरी भट्ट ने बताया कि कुछ महीने पहले रेलवे को पत्र भेजा गया था, जिस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। रेलवे के विशेषज्ञ स्थल का दौरा कर तकनीकी रिपोर्ट देंगे। इसके बाद ही ट्रेन की मरम्मत, आधुनिकीकरण और ट्रैक पुनर्निर्माण पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
हादसों के कारण बंद हुई थी सेवा
यह ट्रेन 1999 से 2006 तक टैगोर बीच पर संचालित होती थी और पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय थी। लेकिन मानसून के दौरान समुद्री कटाव से बार-बार पटरियां क्षतिग्रस्त होने के कारण इसे बंद करना पड़ा। बाद में आईएनएस चपल युद्धपोत संग्रहालय की स्थापना के समय इस परियोजना को पूरी तरह रोक दिया गया।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, यदि तकनीकी मंजूरी मिलती है तो परियोजना के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाएगी। इससे कारवार में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
मछलीघर के आधुनिकीकरण की भी योजना
इसके साथ ही टैगोर बीच स्थित पुराने मछलीघर को भी आधुनिक रूप देने की योजना है। करीब 7 करोड़ रुपए की लागत से दो मंजिला नया एक्वेरियम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसमें भूतल का संचालन मत्स्य विभाग और प्रथम तल का प्रबंधन पर्यटन विभाग करेगा।
पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि आगामी बजट में इस परियोजना के लिए धनराशि स्वीकृत हो सकती है, जिससे कारवार का पर्यटन और अधिक आकर्षक बन सकेगा।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

