सरकार ने घोषित किया 5 लाख रुपए मुआवजा
उर्स के दौरान नदी में उतरे थे युवक
तेज बहाव बना काल, दो को बचाया
राहत-बचाव में जुटी पुलिस-दमकल टीम
सीएम ने जताया शोक
मैसूरु. कावेरी नदी में रविवार को हुए एक हृदयविदारक हादसे में छह लोगों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य को सुरक्षित बचा लिया गया। यह घटना अर्केश्वर मंदिर के समीप उस समय हुई, जब उर्स कार्यक्रम के दौरान दर्गाह पर आए युवक नदी में नहाने उतरे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुल आठ लोग नदी में उतरे थे, लेकिन अचानक तेज बहाव के कारण छह लोग गहरे पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मृतकों की पहचान यासिन (23), फातिम (30), हुमायूं (7), नेहान (19) और अलीम (13) सहित कुल छह लोगों के तौर पर की गई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चलाया। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सक्रिय सहयोग दिया। बाद में सभी शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मुख्यमंत्री सिद्धरामय्या ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-तालाबों में उतरते समय सावधानी बरतें और तेज बहाव के दौरान पानी में जाने से बचें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
