मलेनाडु में भारी बारिश से जलाशय में तेज बढ़ोतरी
सिंचाई, भूजल, बिजली उत्पादन और पर्यटन को मिलेगा लाभ
होसपेट (विजयनगर). मलेनाडु क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश से तुंगभद्रा जलाशय में महज छह दिनों के भीतर 11.447 टीएमसी पानी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जलाशय का जलभंडार 9.379 टीएमसी से बढक़र 20.826 टीएमसी पहुंच गया है, जिससे खरीफ सीजन की खेती को नई उम्मीद मिली है। पिछले वर्ष क्रेस्ट गेट मरम्मत के कारण दूसरी फसल के लिए पानी नहीं मिलने से परेशान किसानों के लिए यह राहतभरी खबर है।
तेजी से बढ़ा जलस्तर और आवक
जुलाई की शुरुआत में तुंगा और भद्रा नदी के उद्गम क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। छह जुलाई को जहां जलाशय में मात्र 2,150 क्यूसेक पानी आ रहा था, वहीं 11 जुलाई तक यह बढक़र 38,977 क्यूसेक पहुंच गया। इसी अवधि में जलस्तर 1,587.92 फीट से बढक़र 1,599.45 फीट हो गया, यानी 11.53 फीट की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
कृषि, भूजल और बिजली को होगा लाभ
जलाशय में पानी बढऩे से सिंचाई परियोजना के अधीन आने वाले लाखों हेक्टेयर क्षेत्र की खेती को पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद जगी है। साथ ही बैकवाटर क्षेत्र के कुओं और बोरवेलों का भूजल स्तर भी सुधरेगा, जिससे गर्मियों में पेयजल संकट कम होने की संभावना है। पर्याप्त जलस्तर होने पर जलविद्युत उत्पादन भी पूरी क्षमता से किया जा सकेगा, जिससे राज्य की बिजली आवश्यकता पूरी करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा जलाशय का बढ़ता जलस्तर पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा देगा।
अच्छी बारिश जारी रही तो जल्द भर सकता है बांध
तुंगभद्रा बोर्ड के वरिष्ठ अभियंताओं का कहना है कि यदि जुलाई के दूसरे पखवाड़े में भी इसी तरह बारिश जारी रही तो जलाशय शीघ्र सुरक्षित स्तर तक पहुंच जाएगा और सिंचाई क्षेत्र के किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा। किसान संगठनों ने भी इसे कृषि गतिविधियों के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए अच्छी बारिश जारी रहने की उम्मीद जताई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

