संदेह पर जांच के घेरे में अभ्यर्थी
केईए ने हावेरी जिलाधिकारी को लिखा पत्र
शिग्गावी केंद्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच के निर्देश
हावेरी। एक भर्ती परीक्षा में 25 और दूसरी में 151 अंक मिलने से हावेरी के एक अभ्यर्थी की परीक्षा प्रक्रिया जांच के घेरे में आ गई है। अंकों के इस बड़े अंतर के बाद कर्नाटक परीक्षा प्राधिकरण (केईए) ने हावेरी जिलाधिकारी को पत्र लिखकर शिग्गावी परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
मामला शंकर बन्नूर का है। उन्होंने 4 अक्टूबर को शिग्गावी केंद्र पर ग्राम प्रशासनिक अधिकारी (वीएओ) भर्ती परीक्षा दी थी, जिसमें उनके 151 अंक आए। इससे पहले कर्नाटक पुलिस विभाग की केएसआरपी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में उन्हें 25 अंक मिले थे। अंकों के अंतर को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने के बाद मामला केईए तक पहुंचा।
ओएमआर और चेहरे की पहचान से सत्यापन
केईए के कार्यकारी निदेशक एच. प्रसन्न के अनुसार, उपलब्ध रिकॉर्ड में अभ्यर्थी के परीक्षा देने की पुष्टि हुई है। चेहरे की पहचान तकनीक से भी उसकी पहचान सत्यापित की गई है। आवंटित ओएमआर उत्तरपत्रक भी रिकॉर्ड से मेल खाता है। उत्तरपत्रक को 5 अक्टूबर को स्कैन कर केईए की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था।
हालांकि, केईए ने स्पष्ट किया कि इन रिकॉर्ड के आधार पर किसी अनियमितता से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए जिलाधिकारी को सीसीटीवी फुटेज की जांच, आवश्यक पूछताछ और विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। अनियमितता मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।
शैक्षणिक रिकॉर्ड में भी बदलाव
केईए के अनुसार, अभ्यर्थी ने 2013 में द्वितीय पीयूसी उत्तीर्ण की थी। वीएओ आवेदन में यह जानकारी ऑनलाइन रिकॉर्ड से मेल खाती थी। वहीं, केएसआरपी कांस्टेबल भर्ती के आवेदन में उत्तीर्ण होने का वर्ष 2026 दर्ज किया गया था। इस संशोधन का रिकॉर्ड केईए सर्वर पर मौजूद है।
फिलहाल अंकों का अंतर अपने आप में नकल या गड़बड़ी का प्रमाण नहीं है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि परीक्षा में कोई अनियमितता हुई थी या नहीं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

