गैस कनेक्शन काटने की धमकी देकर 12.07 लाख की ठगी
आरटीओ चालान के नाम पर 5.49 लाख की चपत
दावणगेरे। गैस पाइपलाइन कनेक्शन काटने की धमकी और आरटीओ चालान के नाम पर भेजी गई एपीके फाइल साइबर ठगों का नया हथियार बन गई है। दावणगेरे में दो अलग-अलग मामलों में ठगों ने लोगों के बैंक खातों से कुल 17.57 लाख रुपए से अधिक उड़ा लिए। दोनों मामलों में सीईएन अपराध थाने में शिकायत दर्ज की गई है।
गैस कनेक्शन के नाम पर 12.07 लाख
एसएस लेआउट निवासी व्यक्ति को व्हाट्सऐप पर अनजान नंबर से गैस एजेंसी के नाम से संदेश मिला। दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने गैस पाइपलाइन कनेक्शन काटने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें एपीके फाइल भेजी गई। पीडि़त के अनुसार, फाइल खोलते ही मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे। कुछ ही समय में उनके खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए 12,07,688 रुपए निकाल लिए गए।
आरटीओ चालान फाइल से 5.49 लाख साफ
सिद्दवीरप्पा कॉलोनी निवासी व्यक्ति को ‘आरटीओ चालान एपीके नाम से फाइल भेजी गई। इसे वाहन के चालान से संबंधित समझकर खोलना उन्हें महंगा पड़ा। उसी दिन बैंक खाते से कई चरणों में 5,49,726 रुपए निकल गए। बैंक से जांच कराने पर ऑनलाइन ठगी का पता चला।
अनजान एपीके से रहें सावधान
साइबर पुलिस ने लोगों से अनजान नंबरों से आने वाली एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने की अपील की है। गैस कनेक्शन, वाहन चालान या किसी सरकारी सेवा से संबंधित संदेश मिलने पर संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या सत्यापित संपर्क माध्यम से ही पुष्टि करें।
ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज कराएं। समय पर शिकायत से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
