बेसहारा बच्चों और मरीजों की मुस्कान में खुशियां तलाशते दिखे डॉ. वीएसवी प्रसाद दंपति
हुब्बल्ली. आमतौर पर वैवाहिक वर्षगांठ परिवार और दोस्तों के साथ केक काटकर मनाई जाती है, लेकिन जब यही खुशी समाजसेवा के साथ जुड़ जाए तो वह समारोह प्रेरणा बन जाता है। हुब्बल्ली में स्वर्ण ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रबंध निदेशक, प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. वीएसवी प्रसाद और उनकी पत्नी अनुशा चिगुरुपाटी ने अपनी 36वीं वैवाहिक वर्षगांठ जरूरतमंदों और बेसहारा लोगों के बीच मनाकर समाज के सामने अनूठी मिसाल पेश की।
स्वामी विवेकानंद रक्तदान फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक महेश टेंगिनकाई भी शामिल हुए और दंपति को शुभकामनाएं दीं।
कैंसर मरीजों के बीच बांटी खुशियां
कार्यक्रम के पहले चरण में हुब्बल्ली के नवनगर स्थित कैंसर अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए गए। दंपति ने मरीजों का हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान जरूरतमंद मरीजों की स्वास्थ्य जांच भी कराई गई। मरीजों से आत्मीयता से बातचीत कर उनका हौसला बढ़ाने की पहल ने सभी का दिल जीत लिया।
बेसहारा बच्चों संग काटा केक
इसके बाद रायापुर स्थित निराश्रित केंद्र में बच्चों के साथ सादगीपूर्ण तरीके से केक काटकर वैवाहिक वर्षगांठ मनाई गई। समारोह के दौरान बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई तथा दृष्टिदोष से पीडि़त बच्चों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए।
दंपति ने सामाजिक सेवा गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए स्वामी विवेकानंद रक्तदान फाउंडेशन को 2 लाख रुपए का चेक भी भेंट किया।
समाज के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व
इस अवसर पर विधायक महेश टेंगिनकाई ने कहा कि डॉ. वीएसवी प्रसाद केवल सफल उद्योगपति ही नहीं, बल्कि समाज के दर्द को समझने वाले संवेदनशील व्यक्तित्व हैं। उद्योग जगत में सफलता हासिल करने के साथ-साथ वे लगातार सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते हैं। वैवाहिक वर्षगांठ को बेसहारा लोगों के साथ मनाकर दंपति ने समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
“सेवा में ही असली खुशी”
सम्मान ग्रहण करने के बाद डॉ. वीएसवी प्रसाद ने कहा कि स्वामी विवेकानंद रक्तदान फाउंडेशन के सहयोग से कैंसर मरीजों को फल वितरण, स्वास्थ्य जांच और जरूरतमंदों को चश्मे उपलब्ध कराकर वर्षगांठ मनाना उनके जीवन का सबसे संतोषजनक अनुभव रहा।
उन्होंने कहा कि देव स्वरूप बच्चों और जरूरतमंदों के साथ बिताए गए ये पल हमारे लिए सबसे बड़ी खुशी हैं। समाज की सेवा ही जीवन का वास्तविक उत्सव है। आने वाले दिनों में भी हम इसी तरह समाजहित के कार्य निरंतर जारी रखेंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

