मल्लापुर में फ्राइड राइस खाने के बाद 51 विद्यार्थी और दो अतिथि शिक्षक अस्पताल में भर्ती
दूषित पानी के इस्तेमाल का संदेह
रायचूर। जिले के मल्लापुर गांव स्थित सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद 51 विद्यार्थियों और दो अतिथि शिक्षकों समेत 53 लोग बीमार पड़ गए। सभी को अरकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
‘फ्राइड राइस खाने के कुछ ही देर बाद बिगड़ी तबीयत’
विद्यालय में दोपहर के भोजन के लिए फ्राइड राइस तैयार किया गया था। भोजन करने के कुछ ही समय बाद विद्यार्थियों को चक्कर, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ते देख विद्यालय कर्मचारियों और ग्रामीणों ने तत्काल सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार कुछ बच्चों की स्थिति गंभीर थी, लेकिन फिलहाल किसी के लिए खतरे की स्थिति नहीं है। सभी का उपचार जारी है।
अभिभावकों में रोष
अभिभावकों ने भोजन तैयार करने में दूषित पानी के इस्तेमाल की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह घटना हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भोजन के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर खाद्य विषाक्तता अथवा दूषित पानी के कारण बच्चों के बीमार पडऩे की आशंका जताई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

